39 हजार की चोरी की सामग्री बरामद
शहडोल. भोपाल-बिलासपुर पेसेन्जर ट्रेन की जनरल बोगी में महिला के सिरहने पर रखा लेडीज पर्स को पार करने के आरोपी को रेल पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी इस्लामगंज वार्ड नम्बर आठ कोतमा निवासी 40 वर्षीय मुन्टू उर्फ मनीष सिंह पिता छोटे लाल पनिका है। जिसने पांच माह पहले 18 जनवरी को अमरकंटक निवासी राजेश पाठक की पत्नी दीपा पाठक का पर्स पार कर दिया था। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, एक मंगलसूत्र, तीन जोड़ी चांदी की पायल व दो जोड़ी बिछिया कुल कीमती 39 हजार रुपए बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 380 के तहत कार्रवाई की गई।
देरी से आई चार टे्रनें, यात्री हुए परेशान
शहडोल. संभागीय मुख्यालय के रेलवे स्टेशन में रविवार को चार ट्रेनें काफी देरी से आई। जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देरी से आने वाली ट्रेनों में छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस चार घंटे देरी से रात 3.30 बजे आई। सुबह सवा पांच बजे आने वाली नवतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस ढ़ाई घंटे देरी से सुबह पौने आठ बजे आई। गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे बिलम्ब से सुबह पौने आठ पहुंची। सुबह 9.15 बजे आने वाली बरौनी-गोंदिया एक्सपे्रस ढ़ाई घंटा देरी से सुबह 11.45 बजे आई।