शाहजहांपुर। डॉक्टरों को धरती का भगवान कहा जाता है लेकिन यूपी के शाहजहांपुर में डॉक्टरों की बड़ी संवेदनहीनता की तस्वीर सामने आई है, यहां जिला अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग को तीन दिन से चींटे को नोंच नोचकर खा रहे हैं लेकिन यहां जिला अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ बेरहम बना हुआ हैं। वहीं इतने बड़े मामले में सीएमएस एमपी गंगवार पहले मीडिया से बचते नजर आये। बाद में मामले को जिला अधिकारी ने संज्ञान में लिया और सीएमएस को जमकर फटकार लगाई, जिसके बाद अब सीएमएस दोषियों पर कार्रवाई की बात कर रहे हैं।
रुपए लेकर इलाज करते हैं डॉक्टर
जिला अस्पताल के वार्ड में जमीन में तड़प रहे बुजुर्ग के शरीर को नोंच-नोंच कर चींटे खाने की यह इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर शाहजहांपुर के पंडित राम प्रसाद बिस्मिल जिला चिकित्सालय की है। यहां तीन दिन पहले घायल बुजुर्ग को समाजसेवियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन अज्ञात होने के चलते डॉक्टर और स्टाफ ने कोई देख-रेख नहीं की। किसी तरह बुजुर्ग जमीन पर गिर गया जिसको तीन दिन से चींटे खा रहे हैं। यहां अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों की मानें तो सुबह-शाम डॉक्टर तो आते हैं लेकिन किसी ने उस बुजुर्ग को बेड पर लिटाया नहीं वहीं इलाज के नाम पर दूर से ही देख कर खानापूर्ति करके चले जाते हैं। तीमारदारों की मानें तो बिना पैसे लिये यहां किसी भी मरीज की देख रेख और इलाज नहीं किया जाता है। फिलहाल इंसानियत को शर्मसार करने वाले मामले में यहां तैनात सिस्टर खुद बचाने के लिये सफाई देती नजर आईं।