
फोटो सोर्स- वीडियो ग्रैब
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में एक बुजुर्ग को बीच रोड पर मुर्गा बनवाने और पैरों पर सर रखकर माफी मंगवाने का मामला तूल पकड़ रहा है। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय वैश्य समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन देकर पुलिस कार्रवाई न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। केवल औपचारिकता पूरी की गई है। उन्होंने संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होगी तो उनका धरना प्रदर्शन मुख्यालय पर होगा। मामला पुवाया थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नाहिल के निवासी उमाशंकर गुप्ता के साथ बीच सड़क पर अभद्रता की गई। उन्हें मुर्गा बनवाया गया। इस पर भी मन नहीं भरा तो पैरों पर सर रखवा कर माफी मंगवाई गई। दबंगों ने कायराना हरकत का वीडियो बनाकर वायरल किया, जिस पर तीखी प्रतिक्रिया आ रही है।
इसी संदर्भ में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी पुवायां से मिलकर अपनी मांग रखी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का मानना था कि आरोपियों के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य समाज की तरफ से ज्ञापन दिया गया है। जिसमें उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित का मेडिकल कराया जा रहा है। बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
15 Mar 2026 04:54 pm
बड़ी खबरें
View Allशाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
