
BIG NEWS लखनऊ के बाद यहां अस्पताल में लगी आग, मची भगदड़
शाहजहांपुर। लखनऊ के दो होटलों में लगी भीषण आग के बाद यूपी के शाहजहांपुर में जिला महिला अस्पताल में आग लगने से बड़ा हादसा होते होते बच गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। वहीं घटना के बाद जिला अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने जांच के आदेश दिये हैं।
हो सकता था बड़ा हादसा
दरअसल घटना जिला महिला अस्पताल की है जहां आज सुबह एसी में ब्लास्ट के साथ आग लग गई और एसी से निकले धुएं ने पूरे महिला अस्पताल को अपनी चपेट में ले लिया। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त जिला महिला अस्पताल में दो दर्जन से ज्यादा प्रसूता भर्ती थीं। आनन फानन में अस्पताल कर्मचारियों ने तीमारदारों की मदद से अस्पताल में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। एसी में आग लगने के बाद सिर्फ धुआं ही धुंआ निकला दिखाई दे रहा था। अगर यह बड़ी आग होती तो यहां एक बड़ा हादसा हो सकता था। जिला अस्पताल में भर्ती महिला की तीमारदार रुखसाना ने बताया कि सुबह अचानक तेज ब्लास्ट के साथ अस्पताल में आग लग गई आग की खबर सुनते ही मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई सब अपने अपने मरीजों को लेकर बाहर भागने लगे कुछ खुद ही जैसे तैसे उठ कर भाग गये पूरे अस्पताल मे धुंआ ही धुंआ भरा था सभी ने बाहर निकलने के बाद राहत की सांस ली।
जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश
वहीं मामले में जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उनका कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे अस्पताल की आग से निबटने की व्यवस्थाओं को भी बेहतर किया जाएगा।
Published on:
21 Jun 2018 04:20 pm
बड़ी खबरें
View Allशाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
