शाहजहांपुर। रोजा रेलवे मैदान पर किसान कल्याण रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के लिए सबसे बड़ी घोषणा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल में किसानों के बीच जाने का अवसर मिला। जहां भी गया, वहां किसानों ने जो आशीर्वाद दिया, उससे मैं अभिभूत हूं। कुछ दिन पहले देशभर के किसान, गन्ना किसान मुझसे मिलने दिल्ली आए थे। तब उनसे मैंने कहा था कि बहुत ही जल्द एक अच्छी खबर गन्ना किसानों को मिलेगी और आज यहां शाहजहांपुर में मैं वही वादा निभाने आया हूं। सरकार ने फैसला लिया है कि गन्ने की लागत मूल्य पर 80 प्रतिशत सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस घोषणा से किसानों के चेहरे खिल उठे।