
पुलिस के साथ आरोपी अभिषेक | फोटो सोर्स- X
Shahjahanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एकतरफा गुस्से और प्यार की वजह से एक युवक की जान चली गई। मदनापुर इलाके में 19 साल के पिकअप ड्राइवर हरिओम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस कत्ल के पीछे प्रेम-प्रसंग की कहानी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
ग्राम पंचायत बौरी के निवासी और पेशे से पिकअप चालक हरिओम की 7 तारीख को हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी वारदात इश्क और जलन का नतीजा थी। दरअसल, मुख्य आरोपी अभिषेक गांव की ही एक युवती से प्रेम करता था। जब अभिषेक काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गया हुआ था, तब हरिओम की उस युवती से बातचीत शुरू हो गई।
अभिषेक को जब इस बात की भनक लगी तो वह चंडीगढ़ से वापस लौट आया। उसने हरिओम को अपनी प्रेमिका से दूर रहने और उससे बात न करने की सख्त हिदायत दी थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभिषेक के टोकने के बावजूद हरिओम ने बातचीत बंद नहीं की, जिससे अभिषेक के मन में बदले की आग सुलगने लगी।
7 मई की शाम को अभिषेक ने साजिश के तहत हरिओम को फोन कर मिलने बुलाया। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान हरिओम ने युवती को लेकर कुछ ऐसी आपत्तिजनक बातें कह दीं, जिससे अभिषेक का गुस्सा बहुत ज्यादा बड़ गया था। अभिषेक पहले से ही तैयारी के साथ आया था और उसने चादर के भीतर लोहे की रॉड छिपा रखी थी। जैसे ही बहस बढ़ी, उसने 19 वर्षीय हरिओम के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।
शुरुआत में हरिओम के भाई ने दूसरे लोगों पर शक जताया था, लेकिन पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच की, तो शक की सुई अभिषेक की तरफ घूमी। पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और मुखबिर की सूचना पर आरोपी अभिषेक को चंदोखा तिराहे के पास से धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह मान लिया है और अब उसे जेल भेजा जा रहा है।
Updated on:
10 May 2026 05:47 pm
Published on:
10 May 2026 05:47 pm
