
scam
शाहजहांपुर। अगर आप किसी निजी फाइनेंस कम्पनी मे पैसा लगाने जा रहे हैं तो सावधान हो जाइए क्योंकि कभी भी ये आपकी खून पसीने की गाढ़ी कमाई को चूना लगाकर गायब हो सकती है। ताजा मामला यूपी के शाहजहांपुर में सामने आया है। यहां कुछ बेरोजगार युवकों को पैसा कमाने का लालच देकर एक निजी फाइनेंस कम्पनी ने करोड़ों का चूना लगाया और कंपनी का मालिक रफूचक्कर हो गया। ग्राहकों का पैसा कंपनी में लगा चुके युवकों को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित युवकों ने एसपी और डीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
ये है पूरा मामला
दरअसल थाना जलालाबाद के मोहल्ला यूसुफ जई निवासी फराज अली खान ने ड्रीमवेज लैंड डेवलपर्स लिमिटेड नाम से एक फाइनेंस कम्पनी शुरू की थी। इस कम्पनी ने बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए कई न्यूज पेपर में विज्ञापन छपवाया था। उस विज्ञापन को देखकर शहर के अलग अलग कस्बों के रहने वाले बेरोजगार युवकों ने कम्पनी में काम करने की इच्छा जताई और कम्पनी के चैयरमैन फराज अली खान से संपर्क किया। कम्पनी की जाल मे फंसे नरवीर और अन्य युवकों को कम्पनी के प्रमोट्रो ने बताया कि हमारी कम्पनी एमसीए से रजिस्टर्ड है जिसमें सभी इन्वेस्टरों का पैसा सुरक्षित है। उसकी बातों पर यकीन करके उन लोगों ने कंपनी जॉइन कर ली और तमाम लोगों का पैसा कम्पनी में लगा दिया।
पीड़ित युवक नरवीर ने बताया कि कम्पनी मे ज्वाइनिंग होने के बाद चेयरमैन फराज अली खान ने कम्पनी मे बङ़े पदों पर काम करने वाले आठ ऐसे लोगों से मिलवाया जो कम्पनी की पॉलिसी को समझाते थे। युवकों के मुताबिक एक दिन जब वह काम के सिलसिले में चौक कोतवाली के साउथ सिटी स्थित आॅफिस पहुंचे तो वहां पर ताला लटका था। जब आसपास के रहने वालों से पूछा तो पता चला कि पिछले कई दिन से इस आॅफिस में ताला पङ़ा है। इसके बाद युवकों को खुद के ठगे जाने का अहसास हुआ। पता चला कि कम्पनी मे करीब 6 करोड़ रूपये लगा था जिसको कम्पनी का चैयरमैन लेकर फरार हो गया।
नरवीर के मुताबिक उन्होंने दिन रात मेहनत कर गांव के रहने वाले लोगों से कम्पनी की पॉलिसी समझाकर लाखों रूपये का फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में खाते खोल दिए थे। किसी युवक ने बीस लाख रुपये के खाते खोले तो किसी ने पचास लाख रुपये के खाते खोले थे। कम्पनी की कई पॉलिसी थीं जिसमें पांच साल मे पैसा डबल होने की बात थी या फिर जितना पैसे का फिक्स्ड डिपॉजिट कराया जाएगा, उतने पैसे की कीमत की जमीन उसके नाम कर उसके कागज ग्राहक को जमानत के तौर पर दे दिए जाने की बात थी। लेकिन जब पता चला कि कम्पनी का मालिक पैसा लेकर फरार हो गया तो ग्राहकों ने अपना पैसा मांगना शुरू कर दिया। अब ग्राहक उन युवकों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। युवकों ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या की धमकी दी है। हालांकि जब पीड़ित युवक एसपी से मिलने पहुंचे तो एसपी के आॅफिस में न होने की वजह से एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी सिटी ने पीडितों से प्रार्थना पत्र लेकर जांच की बात कही है।
Published on:
07 Jun 2018 12:46 pm
बड़ी खबरें
View Allशाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
