8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP Election 2018 : भाजपा की पहली सूची में नहीं शाजापुर जिले का नाम

मध्यप्रदेश का महामुकाबला, रात तक भी जारी नहीं हुई कांग्रेस की सूची

2 min read
Google source verification
Ticket in MP

Ticket in MP

शाजापुर. विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा का सभी को लंबे समय से इंतजार था। शुक्रवार से नामांकन जमा करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई, लेकिन शाजापुर जिले में भाजपा या कांग्रेस में से किसी भी दल ने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की। हालांकि शुक्रवार सुबह भाजपा ने प्रदेश की 230 विधानसभा सीट में से 177 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा जरूर की, लेकिन इसमें शाजापुर जिले की तीनों विधानसभा का नाम गायब था। दूसरी ओर कांग्रेस ने तो रात तक भी सूची जारी नहीं की। ऐसे में दिनभर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

चुनाव में जिले की तीनों विधानसभा सीट शाजापुर, शुजालपुर और कालापीपल से दोनों ही दल के अनेक नेता दावेदारी जता रहे है। एक-दूसरे की काट करते हुए ये नेता पार्टी में वरिष्ठ स्तर पर अपने नेताओं से लगातार संपर्क बनाकर अपनी दावेदारी भी जता चुके हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि दोनों ही दल जिले की तीनों विधानसभा में ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारने के लिए योजना बना रही है जिसके कारण किसी प्रकार के मतभेद की स्थिति न बनें। पूरे दिन सोशल मीडिया से लेकर शहर के गली, मोहल्लों, चौक चौराहों पर लोग टिकट वितरण को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते रहे। हर कोई अपने-अपने पसंदीदा उम्मीदवार को टिकट मिलने की बात कहता रहा।

भाजपा के कब्जे में जिले की तीनों विधानसभा
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की तीनों विधानसभा में जीत दर्ज की थी। सूत्रों की मानें तो भाजपा जिले में तीनों सीटों को दोबारा हथियाने के लिए प्रत्याशियों के नाम पर मंथन कर रही है। कांग्रेस भी इस बार जिले की तीनों सीटों को लेकर गहन मंथन कर रही है। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां भाजपा ने प्रदेश की 177 सीटों पर अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी, जिसमेें शाजापुर से अलग हुए आगर जिले की दोनों विधानसभा भी शामिल है, वहीं शाजापुर जिले में अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की। कांग्रेस की ओर से समाचार लिखे जाने तक एक भी सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की। प्रत्याशी घोषित होने में लगातार हो रही देरी से दोनों ही दल के संभावित उम्मीदवारों की धड़कनें भी बढ़ गई हैं और सभी को जिले की विधानसभा को लेकर जारी होने वाली अधिकृत सूची का इंतजार है।