शामली

Shamli : पीएम मोदी, सीएम योगी और अखिलेश को निकाह में बुलाने के लिए ढाई फीट के अजीम ने बनाया खास प्लान

ढाई फीट के अजीम मंसूरी की इच्छा है कि उनके निकाह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शिरकत करें।

2 min read
Oct 27, 2022

पिछले साल शामली के महिला थाने में शादी की गुहार लगाकर सुर्खियों में आए ढाई फीट के अजीम मंसूरी एक बार फिर चर्चाओं में हैं। अजीम का निकाह हापुड़ की रहने वाली बुशरा से 7 नवंबर को होना तय हुआ है, लेकिन अजीम अब निकाह की तारीख को आगे बढ़वाना चाहते हैं। इसके पीछे की वजह बेहद खास है। अजीम की इच्छा है कि उनके निकाह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शिरकत करें। अजीम की इच्छा को देखते हुए परिजन भी अब निकाह की तारीख आगे बढ़ाने की सोच रहे हैं।

कैराना के रहने वाले दो फीट छह इंच कद वाले अजीम मंसूरी निकाह तय होने से बेहद खुश हैं। अजीम ने अपनी शादी के लिए शेरवानी के साथ थ्री सूट का ऑर्डर दिया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी बीच अब अजीम का एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह निकाह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को बुलाने की इच्छा जता रहे हैं।

चुनिंदा लोगों को ही बुलाया जाएगा निकाह में

चाचा नौशाद का कहना है कि अजीम के निकाह की बात सुनकर रिश्‍तेदार, मित्र और परिचित बेहद खुश हैं, सभी लोग शादी के कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं। लेकिन, हमारा परिवार बेहद कम लोगों को शादी में बुलाना चाहता है, ताकि लड़की वालों पर ज्यादा आर्थिक बोझ न पड़े। इसलिए निकाह की तारीख आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। इस शादी में केवल चुनिंदा लोगों को ही बुलाया जाएगा।

5वीं पास मंसूरी सोशल मीडिया के इस्तेमाल में हैं माहिर

बता दें कि अजीम मंसूरी कैराना में कॉस्मेटिक स्टोर चलाते हैं। वह 5वीं पास होते हुए भी व्हाट्सएप और फेसबुक का बखूबी इस्तेमाल करते हैं। कद काफी छोटा होने के कारण उनकी शादी में अड़चन आ रही थी। पिछले साल जैसे ही उनकी स्टोरी वायरल हुई तो निकाह के प्रस्ताव भी आने लगे। वहीं, अजीम मंसूरी ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर चुके हैं।

Published on:
27 Oct 2022 11:29 am
Also Read
View All

अगली खबर