
छात्र का अंगूठा काटकर की अघोरी पूजा
छात्र का अंगूठा काटकर की अघोरी पूजा, पिता ने की शिकायत
शिवपुरी। शिवपुरी शहर में कक्षा 9वीं के एक छात्र के हाथ का अंगूठा काटकर उससे निकले खून से अघोरी पूजा करने का मामला सामने आया है। जहां अघोरी विद्या सीख रहे मनियर के रहने वाले एक युवक ने छात्र को जंगल मे ले जाकर तांत्रिक विद्या कर उसके अंगूठे को काटकर खून नारियल पर चढ़वाकर पूजा करवाई है। मनियर के रहने वाले दिव्यांग पिता मोहर सिंह राठौर ने अपने बेटे के साथ मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है। पिता का कहना है जबसे उसके बेटे का खून तांत्रिक विद्या सीख रहे युवक ने नारियल पर चढ़वाया है उस दिन से उसका बेटा बीमारी के दौर से गुजर रहा है।
शहर के कोतवाली क्षेत्र के मनियर के रहने वाले 9वीं कक्षा में पढऩे वाले 13 वर्षीय बालक देवेंद्र राठौर ने बताया कि बीते 8 फरवरी को वह घर पर था। इसी बीच मनियर तालाब के पास रहने वाला बिस्सी गुर्जर घर आया और खुद को मेरे पिता मोहर सिंह राठौर की पहचान वाला बताते हुए भंडारे में निमंत्रण खाने चलने की बात कहने लगा। इसके बाद वह बिस्सी गुर्जर के साथ बाइक पर सवार होकर भंडारा खाने चला गया। बिस्सी उसे बांकडे हनुमान मंदिर के पास जंगल मे गया। जहां एक चबूतरे पर उसने पूजा पाठ शुरू कर दी। चबूतरे के चारों ओर माला और नरियल रखकर उसने नग्न होकर पूजा पाठ शुरू कर दी। कुछ देर बार उसने मेरे हाथ के अंगूठे को जबरदस्ती चाकू से काट दिया और अंगूठे से निकले खून को नारियल पर चढ़ाने लगा। जब देवेंंद्र चीखा तो उसने चाकू गले पर रख मार देने की बात कही थी। इसके बाद बिस्सी गुर्जर उसे बाइक पर बैठाकर घर छोड़ गया तथा किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। यह बात उसी रात उसने अपने पिता को बताई थी।
अघोरी विद्या सीख रहा है युवक
दिव्यांग मोहर सिंह राठौर ने बताया कि मनियर तालाब के पास रहने वाला बिस्सी गुर्जर, जिसे वह जानता है, वो पहले सब्जी का हाथ ठेला लगाने का काम करता था। उस काम को बंद कर वह किसी बाबा के चक्कर मे पडक़र अघोरी विद्या सीख रहा है। बिस्सी गुर्जर ने अघोरी विद्या का इस्तेमाल कर उसके बेटे का अंगूठा काटकर बलि दी है। उसी दिन से बेटे की तबियत बिगड़ गई है, तथा तबियत में कोई सुधार नहीं आया है। इसी की शिकायत लेकर आज वह एसपी ऑफिस पहुंचा हैं और आरोपी बिस्सी गुर्जर पर कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
21 Feb 2024, 12:30 PM IST
Published on:
21 Feb 2024, 12:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.