
अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, 2 महिलाओं की मौत 3 झुलसे, फुंक गया घर का सामान
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दो अलग अलग इलाकों में 5 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए हैं। ये दोनों घटनाए जिले के करैरा थाना क्षेत्र और बैराड़ इलाके में घटी हैं। करैरा क्षेत्र में बिजली की चपेट में आकर दो महिलाओं की जान चली गई है, जबकि बैराड़ इलाके में एक घर पर बिजली गिरी, जिसके कारण परिवार के तीन सदस्य बुरी तरह झुलस गए। साथ ही घर में रखा सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जल गया।
देखें खबर से संबंधित वीडियो...
खेत में भैंस चराने गईं 2 महिलाओं की मौत
जिले के करैरा थाना अंतर्गत ग्राम की रहने वाली 2 महिलाएं सोमवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ग्राम साल निवासी 50 वर्षीय विमला पत्नी चंदन सिंह रावत और 51 वर्षीय कुसुमा पत्नी बाबूलाल परिहार दोपहर करीब 2:30 बजे खेत पर अपनी भैंस चराने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, इसी दौरान अचानक तेज आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट हुई, दोनों महिलाएं आवाज सुनकर नजदीक मौजूद आम के पेड़ के नीचे रुक गईं। लेकिन, आकाशीय बिजली आम के पेड़ पर ही आ गिरी। घटना में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
आकाशीय बिजली गिरी, पति-पत्नी समेत 3 झुलसे, TV-फ्रिज फुंक गए
वहीं, दूसरी तरफ जिले के ही बैराड़ में आकाशीय बिजली एक मकान पर जा गिरी, जिसमें मौजूद पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। वहीं, बिजली गिरने से घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक सामान फुंक गए हैं। बैराड़ नगर परिषद क्षेत्र में देर शाम पूरन रावत के घर की छत पर लगी डिश टीवी की छतरी पर आकाशीय बिजली गिरर गई, जिससे पूरे घर में करंट फैल गया। घर के बरामदे में बैठा पूरन रावत का पुत्र अरविंद रावत आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही वो बेहोश हो गया। अरविंद को बेहोश होता देख उसकी पत्नी मनीषा और भाभी सुशीला भी उसे देखने के लिये बरामदे की ततरफ बढ़ी, तो वो दोनों भी आकाशीय बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। करंट बढ़ जाने से घर में रखे फ्रिज और LCD समेत अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक आइटम में आग लग गई। बिजली के तार धू-धूकर जलने लगे। परिजन बेहोश अरविंद, मनीषा और सुशीला को बैराड़ नगर के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के बाद चिकित्सकों ने तीनों को खतरे से बाहर बताया है।
Published on:
12 Jul 2021 11:16 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
