
एमपी की युवती का कोटा में अपहरण मामले में राजस्थान पुलिस का दावा, मिला अहम सुराग।
MP Girl Student Kidnapping Case: राजस्थान के कोटा से अपहृत हुई शिवपुरी की छात्रा का अब तक कोई पता नहीं लगा। पुलिस की टीमों ने कई जगह दबिश देकर छात्रा की तलाश की, लेकिन अभी पुलिस के हाथ खाली हैं। कोटा एसपी ने छात्रा के संबंध में सूचना देने वाले को 20 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। छात्रा के अपहरण में कई अहम सुराग मिलने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस ने एक संदिग्ध को राउंड अप कर लिया है। छात्रा कोटा में नीट की तैयारी कर रही थी। अपहरणकर्ता ने छात्रा के हाथ-पैर व मुंह बंधे हुए फोटो उसके पिता को मोबाइल पर भेजकर 30 लाख की फिरौती मांगी है। कोटा सिटी एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि सोमवार शाम को शिवपुरी पुलिस ने सूचना दी थी कि शिवपुरी जिले के बैराड़ तहसील के कालामढ़ निवासी की बेटी के अपहरण की सूचना मिली।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी की बेटी के अपहरण के मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात की। उन्होंने सीएम से कहा कि पुलिस जल्द से जल्द तहकीकात कर हमारी बेटी को वापस लाए। छात्रा के पिता से भी सिंधिया ने फोन पर बात करके आश्वासन दिया कि बेटी को वापस लाना अब मेरी जिम्मेदारी, वह बस आपकी बेटी नहीं, मेरी भी बेटी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस मैसेज भेजने वाले तक पहुंच गई है। पुलिस ने जयपुर के सिंधी कैंप से एक युवक को राउंडअप भी किया गया है और उससे जानकारी जुटा रही है। वहीं एसपी ने किसी को राउंडअप करने के इनकार करते हुए कहा कि पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई है।
हमें पता चला है कि बेटी पहले जिस हॉस्टल में रह रही थी, उसकी जगह वो किसी दूसरे हॉस्टल में रहने लगी थी। कोटा पुलिस पड़ताल कर रही है तथा उन्होंने दो संदिग्धों को भी पकड़ा है। पुलिस अभी अधिक जानकारी हमें नहीं दे रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि बेटी जल्दी मिल जाए।
- अपहृत बेटी के पिता
सूचना पर पुलिस तुरंत बताई गई कोचिंग संस्थान पहुंची और छात्रा की जानकारी जुटाई, लेकिन छात्रा उस कोचिंग संस्थान में दाखिला ही नहीं लिया था। रात में ही छात्रा के माता-पिता भी कोटा पहुंच गए थे। जांच में सामने आया है कि अगस्त 2023 में मां अपनी बेटी के एडमिशन के लिए कोटा आई थी, लेकिन कोटा के किसी भी कोचिंग संस्थान में एडमिशन नहीं लिया था। साथ ही छात्रा का शहर के किसी हॉस्टल या पीजी में रहना भी नहीं पाया गया।
- नीट की छात्रा का फिजिक्स वाला कोचिंग में एडमिशन बताया गया है, लेकिन जब कोटा पुलिस ने वहां जाकर पता किया तो बताया गया कि वो वहां पढ़ती ही नहीं है। केवल एडमीशन फार्म लेकर गई थी।
- लड़की के मोबाइल की लास्ट लोकेशन हरियाणा गुड़गांव की आ रही है साथ ही लड़की के बंधक वाले जो फोटो भेजे गए, उसमें पीछे रखे चावल के बोरे पर एक मोबाइल नंबर भी नजर आ रहा है। जिस पर जब संपर्क किया तो वो हरियाणा के किसी अमन का है।
एसपी ने बताया कि परिजनों के पास जो कोचिंग के मैसेज जा रहे थे, उपस्थित या अनुपस्थित या फिर इतने नंबर आए हैं। ये मैसेज कोचिंग की तरफ से नहीं जा रहे थे। ये मैसेज उसी ने कोई नंबर ले रखा था, उसी से परिजनों के पास जा रहे थे।
पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए विभिन्न टीमें तैयार कर राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों में भेज रखी है। घटनाक्रम का खुलासा छात्रा के मिलने के बाद ही चल पाएगा।
छात्रा के पिता ने बताया कि दो साल पहले बेटी इंदौर में नीट की तैयारी कर रही थी। उस समय भी कुछ लोगों ने छात्रा का अपहरण कर कभी 10 लाख कभी 19 लाख रुपए फिरौती मांगी थी। वहां पुलिस में भी मामला दर्ज कराया था। इसके बाद अपहरणकर्ता अनुराग सोनी और हर्षित नाम के लड़कों ने धमकी दी थी। ऐसे में बेटी को इंदौर से वापस शिवपुरी बुला लिया था। बेटी 6 माह घर पर ही रही। इसके बाद अगस्त में कोटा में एडमिशन करवाया था। कोटा में भी उन्हीं लोगों ने बेटी का अपहरण किया है। पुलिस को अपहरणकर्ताओं की फोटो भी दी है।
हम लगातार कोटा पुलिस के संपर्क में है। शिवपुरी से भी कुछ इनपुट हमारे पास है, उस पर भी हम काम कर रहे हैं।
-सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीओपी, पोहरी
अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की पड़ताल में जुटी हुई है।
- डॉ अमृता दुहन, कोटा शहर एसपी
Updated on:
20 Mar 2024 10:16 am
Published on:
20 Mar 2024 08:11 am
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
