
MP Election 2023 : शिवपुरी विधानसभा में डाक मतपत्रों की गिनती पूरी, भाजपा को 5276, कांग्रेस को मिले 2954 वोट
ग्वालियर संभाग के अंतर्गत आने वाले शिवपुरी जिले की शिवपुरी विधानसभा सीट रविवार को डाक मतपत्रों की गिनती पूरी हो गई है। शुरुआती रुझानों में भाजपा को 5276 मिले हैं, जबकि कांग्रेस को 2954 वोट मिले हैं। साथ ही बसपा को 1357 वोट मिले हैं।
शिवपुरी विधानसभा सीट प्रदेश की सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में से एक है। इस सीट पर सिंधिया परिवार का बड़ा होल्ड है। यही कारण है कि शिवराज सरकार में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया बीते लंबे समय से इस सीट से विधायक रही हैं। हालांकि, इस बार स्वास्थ कारणों के चलते चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद भाजपा ने पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार जैन को मैदान में उतारा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केपी सिंह को टिकट दिया है।
सीट का राजनीतिक इतिहास
यशोधरा राजे सिंधिया दो बार लगातार और इससे पहले भी दो बार विधायक रही हैं। यहां से माखलाल राठौर, देवेंद्र जैन, सुशील बहादुर अष्ठाना, गणेश गौतम, महावीर प्रसाद जैन और ढाई साल के लिए वीरेंद्र रघुवंशी विधायक बने। यहां वैश्य समाज का वोटर चुनाव में डिसाइडर होता है, क्योंकि एक सेठ या दुकानदार के पास कई कर्मचारी काम करते हैं।
भाजपा के देवेंद्र कुमार जैन
46 वर्षीय देवेंद्र कुमार जैन को पट्टे वाले के उपनाम से जाना जाता है। देवेंद्र जैन भाजपा के टिकट पर साल 1993 में शिवपुरी विधानसभा चुनाव लड़े थे , जिसमें उन्होंने कांग्रेस के सांवलदास गुप्ता को हरा कर विधायक की कुर्सी हासिल की थी। यहीं से उनके राजनैतिक जीवन का आरंभ हुआ था। इसके बाद वे संगठन में विभिन्न पदों पर रहे। शिवपुरी विधायक बनने के बाद साल 2004 में शिवपुरी नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में देवेंद्र जैन को फिर से भाजपा ने टिकट दिया। लेकिन वे इस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी जगमोहन सिंह सेंगर से चुनाव हार गए। नपाध्यक्ष का चुनाव हारने के बाद देवेंद्र जैन ने अपना स्थान शिवपुरी से बदलकर कोलारस विधानसभा कर लिया। हालांकि, अब योशोधरा राजे द्वारा चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद पार्टी ने देवेंद्र जैन को यहां से फिर चुनावी मैदान में उतार दिया है।
यह भी पढ़ें- mp election 2023 : कांग्रेस का किला बनी हुई है डबरा सीट, भाजपा के सिंधिया-नरोत्तम भी अबतक नहीं भेद सके
कांग्रेस के केपी सिंह
केपी सिंह मौजूदा समय में शिवपुरी जिले की ही पिछोर विधानसभा सीट से विधायक हैं। लेकिन वहां पर एंटी इनकंबेंसी फैक्टर के कारण उन्होंने उनकी सीट बदली गई है। उन्हें पार्टी ने इस बार शिवपुरी विधानसभा से चुनावी मैदान में उतारा है।
शिवपुरी विधानसभा के मतदाताओं का विवरण
शिवपुरी का विधानसभा क्रमांक: 25 है। विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 58 हजार 75 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 34 हजार 818 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 23 हजार 248 है। वहीं विधानसभा में 9 थर्ड जेंडर हैं।
शिवपुरी विधानसभा की जनता की आवाज
- शिवपुरी शहर समेत पोहरी और करैरा में पीने के पानी की समस्या अधिक है। इस बार जनता उस प्रत्याशी को चुनने का मन बनाए हुए है जो इन समस्याओं का निदान कराने की गारंटी दे।
- शिवपुरी शहर में बदहाल सड़कों ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में चुने जाने वाले जम प्रतिनिधि को सड़कों के सुधार की गारंटी देनी होगी।
- जिले में उद्योग धंधे न होने की वजह से बेरोजगारी की समस्या है, तथा लोगों को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता है।
- शिवपुरी को पर्यटन नगरी कहा जाता है, लेकिन पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए किसी ने कोई पहल नहीं की।
इस बार हर सीट पर कांटे की टक्कर
6 जनवरी 2024 को मध्यप्रदेश विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। उससे पहले 3 दिसंबर को चुनाव आयोग नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया को पूरा कर लेगा। 17 नवंबर को पूरे प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने सभी 230 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। चुनाव से पहले अबतक सामने आए सर्वेक्षणों में ये पता चला है कि इस बार मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच हर सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
Updated on:
03 Dec 2023 09:18 am
Published on:
01 Nov 2023 07:25 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
