
oral cancer
शिवपुरी। जिले में कैंसर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं और इनमें लगभग 30 फीसदी मरीज मुंह के कैंसर के हैं, जो तंबाकू खाने से हो रहा है। बीते दिन बदरवास में आयोजित कैंसर परीक्षण व निदान शिविर में एक मरीज ऐसा भी आया, जिसके मुंह व जीभ में कैंसर था। डॉक्टर ने इस मरीज को सलाह दी कि यदि जिंदा रहना चाहते हो तो आधी जुबान कटवानी पड़ेगी। यह जानकारी देते हुए कैंसर शिविर का आयोजन करने वाली तथागत फांडेशन संस्था के संयोजक आलोक एम. इंदौरिया ने बताया कि जिले में कैंसर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।
परिवार को ढेलनी पड़ती है आर्थिक परेशानी
संस्था संयोजक आलोक एम. इंदौरिया ने बताया कि हमारी संस्था पिछले 30 साल से कैंसर परीक्षण व निदान शिविर लगा रही है और जब मैंने पहली बार शिविर में तंबाकू से हुए मुंह के कैंसर के एक मरीज की हालत देखी तो मैंने उसी दिन तंबाकू छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि शौक में लोग तंबाकू का सेवन करते हैं, लेकिन जब वो आदत पड़ जाती है तो फिर कैंसर जैसी भयानक बीमारी के वो शिकार हो जाते हैं। कैंसर से पीड़ित व्यक्ति को स्वयं तो तकलीफ झेलनी ही पड़ती है, साथ में उसका पूरा परिवार भी आर्थिक रूप से परेशानी झेलता है, क्योंकि कोई भी यह नहीं चाहता कि उसके परिवार का सदस्य बिना इलाज के दुनिया छोड़ जाए, तथा इसका इलाज भी महंगा होता है। इंदोरिया ने बताया कि बदरवास के बाद अब खतौरा क्षेत्र में भी शिविर लगाया जाएगा।
कलेक्ट्रेट में चलाया हस्ताक्षर अभियान
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान आने वाले लोगों से तंबाकू न खाने के संकल्प फार्म पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे थे। हालांकि इस दौरान हस्ताक्षर करने वाला यदि कोई तंबाकू खाकर आ रहा था, तो वो पहले कुल्ला करता और फिर हस्ताक्षर करने जाता। इस दौरान उन्हें समझाया भी जा रहा था कि तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
तंबाकू मुक्त होने के लिए कुछ सुझाव
संकल्प करें : दृढ़ता से निश्चित करें कि आप तंबाकू की लत से मुक्त होना चाहते हैं और इसके लिए संकल्प लें, इसका कोई भी विकल्प मन मे न रखें। यह मानसिक तैयारी को मजबूत करने में मदद कर सकता है।
समर्थन प्राप्त करें : अपने परिवार और मित्रों को बताएं कि आप तंबाकू की लत से छुटकारा पाना चाहते हैं। उनका सहयोग और समर्थन आपको मानसिक रूप से मजबूती देगा।
खुद को पहचानें : तम्बाकू खाने के सामान्य ट्रिगरों को पहचानें और उनसे दूर रहें। यदि कोई विशेष स्थिति, जगह या दोस्त आपको तंबाकू की ओर आकर्षित करते हैं, तो उनसे दूर रहें।
स्वास्थ्य सुधार के तरीके अपनाएं : अपने स्वास्थ्य को सुधारने के लिए योग या अभ्यास करें, स्वस्थ खानपान अपनाएं और अधिक पानी पिएं। नियमित रूप से व्यायाम करना तंबाकू छोड़ने में मदद कर सकता है।
Published on:
31 May 2023 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allशिवपुरी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
