
कुछ समय पूर्व एक हिंदी फिल्म आई थी-नायक। इसमें नायक अनिल कपूर 24 घंटे के लिए मुख्यमंत्री बनते हैं। कहानी फिल्मी है, पर कहते हैं न कि कहीं न कहीं वास्तविक जीवन में भी कुछ ऐसा हुआ होता है या हो रहा होता है, मध्यप्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह के साथ कुछ ऐसा ही हो चुका है। तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अर्जुन सिंह को दूसरी पारी में 1985 में केवल 24 घंटे के लिए मुख्यमंत्री का पद मिला था। उन्हें ऐसा कहा नहीं गया था। वे पूरे पांच साल के लिए मुख्यमंत्री पद मिलने के खयाल से ही आए थे, लेकिन घटनाक्रम कुछ ऐसा हुआ कि शपथ ग्रहण के अगले ही दिन उन्हें पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। इस्तीफा देना इतना आसान नहीं था पर तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के फरमान के आगे झुकना पड़ा। उनसे त्यागपत्र लेकर उन्हें पंजाब में राज्यपाल पद के लिए कूच करने को कह दिया गया।
जब सत्ता पक्ष के तीन मुख्यमंत्रियों को देना पड़ा था इस्तीफा
चुरहट सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे अर्जुन सिंह को 1980 में पहली बार मुख्यमंत्री बनाया गया। इसकी पटकथा 1977 में लिखी गई थी। तब अर्जुन सिंह मप्र विस के नेता प्रतिपक्ष चुने गए थे। विपक्ष की भूमिका उन्होंने राजनीति के उस माहिर खिलाड़ी की तरह अदा की कि सत्ता पक्ष को तत्कालीन तीन मुख्यमंत्रियों कैलाशचंद जोशी, वीरेंद्र कुमार सकलेचा और सुंदरलाल पटवा को इस्तीफा देने को मजबूर कर दिया था। 1980 के चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत मिला। तब अर्जुन सिंह को सीएम बनाया गया। पांच साल बाद 1985 में 251 सीटों के साथ दोबारा कांग्रेस सत्ता में आई और फिर अर्जुन सिंह सीएम बने। 11 मार्च 1985 को उन्होंने शपथ ली और अपने कैबिनेट के मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से मिलने प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। 12 मार्च को जैसे ही मुलाकात हुई, राजीव गांधी ने उनसे इस्तीफा मांग लिया। उनकी जगह मोतीलाल वोरा को मुख्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि 1988 में अर्जुन सिंह वापस लौटे और तीसरी बार सीएम बने।
और बना दिया था पंजाब का राज्यपाल
1985 में पंजाब राज्य में खून-खराबा व विरोध का स्वर आतंकवाद का रूप ले चुका था। इससे निपटने के लिए राजीव गांधी के समक्ष चुनौती खड़ी हो गई थी। पंजाबी व सिख समुदाय के लोग अपने आपको क्षत्रिय वर्ग के ज्यादा नजदीक महसूस करते हैं। ऐसे में पंजाब के बचाने के लिए राजीव गांधी को वहां के राज्यपाल बनाने के लिए क्षत्रिय व कूटनीतिक नेता की तलाश थी। उनके सिपहसालारों ने मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह का नाम सुझाया। राजीव ने इस सुझाव को मान लिया। लेकिन अर्जुन सिंह को इस बारे में जानकारी नहीं थी। इसलिए दिल्ली में जैसे ही राजीव गांधी ने उनसे इस्तीफा मांगा वे भौंचक रह गए। हालांकि त्यागपत्र देकर उन्होंने पंजाब के राज्यपाल का पद संभाल लिया था।
Published on:
12 Oct 2023 04:14 pm
बड़ी खबरें
View Allसीधी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
