सीधी. सीधी. सीधी के अमलिया के पास सोन नदी में मंगलवार देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। वाहन में बारात सवार थी। जब वाहन पुल से गुजर रहा था, तभी हादसे का शिकार हुआ और करीब १०० फीट नीचे जा गिरा। हादसे में २० से ज्यादा की मौत होने की खबर आ रही है, वहीं ३० से ज्यादा घायल हैं। हालांकि प्रशासन ने मृतक संख्या को लेकर अधिकृत पुष्टि नहीं की है। हादसे की जानकारी होने पर एसपी व कलेक्टर सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।
बताया गया है कि बारात देवसर से पमरिया जा रही थी, सभी वाहन क्रमांक एमपी ५३ जीए ०८४१ सवार थे, जो टाटा ७०९ नामक छोटा ट्रक था। मंगलवार रात ९.३० बजे वाहन पुल से गुजर रहा था, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण खत्म हो गया और वाहन सीधे पुल की रैलिंग तोड़ते हुए सोन नदी में जा गिरा। जिसमें २० से ज्यादा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर अमिलिया थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेल मौके पर पहुंचे, उन्होंने एसपी मनोज श्रीवास्तव को सूचना दी। जिसके बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचना शुरू हो गए। रात में रेसक्यू शुरू कर दिया गया। घायलों को सीधी अस्पताल पहुंचाया गया है।