6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी

sidhi: ऑटो की टक्कर से सडक़ में गिरी स्कूटी सवार दो युवतियां, ट्रक ने कुचला

दोनों की मौत, अप्रेल में एक की होने वाली थी शादी, सीधी शहर में बड़ा हादसा: सीधी-कमर्जी मार्ग पर शहर के वार्ड 1 कोतरकला की घटना, गुस्साए लोगों ने तीन घंटे तक बंद रखा मार्ग

Google source verification

सीधी। शहर में सीधी-कमर्जी मार्ग पर बुधवार को अपराह्न करीब 4.15 एक दर्दनाक हादसा हुआ। वार्ड 1 कोतरकला में एक ऑटो और स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर से स्कूटी पर सवार दो युवतियां सड़क पर गिर गईं और उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में दोनों युवतियों की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने तीन घंटे तक मार्ग को बंद रखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कोतरकला निवासी शिक्षक रामसेवक कोरी की पुत्री लक्ष्मी (22) अपनी सहेली के साथ स्कूटी क्रमांक एमपी 53 जेडए 3186 पर सवार होकर घर से बाजार की ओर आ रही थी। कुछ ही दूरी में पहुंचने पर सामने से जा रहे एक ऑटो चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सहित दोनों युवतियां सडक़ पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे धान लोड ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 5521 ने युवतियों को कुचल दिया। ट्रक का पहिया युवतियों के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक ऑटो सहित घटना स्थल से फरार हो गया। ट्रक चालक भी घटना स्थल पर ही ट्रक छोडक़र फरार हो गया। लक्ष्मी का विवाह रीवा में तय हो चुका था। आगामी 18 अप्रेल को उसका तिलक व 22 अप्रेल को शादी होनी थी। इसके लिए पिता द्वारा विवाह घर भी बुक कर लिया गया था और शादी की तैयारियां शुरू कर दी गईं थी, लेकिन हादसे ने उसकी जान ले ली।

————

तीन घंटे लगा रहा जाम-

हादसे के बाद घटना स्थल पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे मृत युवती के परिजनों का रो-रो कर बुराहाल था। पिता के इंतजार में युवती का शव पुलिस को उठाने नहीं दे रहे थे। मौके पर पहुंचे राजस्व अधिकारी व पुलिस अधिकारी परिजनों को शव उठाने के लिए समझाइश देते रहे, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि पिता के आने के बाद व टक्कर मारने वाले ऑटो चालक को गिरफ्तार किए जाने के बाद ही वह शव उठाने देंगे। पिता जब अपने कार्य स्थल से शाम करीब 7 बजे घटना स्थल पर पहुंचा तब युवतियों का शव उठाया गया और जाम खुल पाया।

————

पुलिस छावनी में तब्दील रहा कोतरकला-

सडक़ हादसे के बाद कानून व्यवस्था के मद्देनजर घटना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इस कारण सीधी-कमर्जी मार्ग का कोतरकला पुलिस छावनी में तब्दील रहा। इसके साथ ही पुलिस लाइन से मार्ग में बैरीकेट्स लगाकर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था।

————-

छोटी बेटी को लेकर कुसमी से सीधी पहुंचा पिता –

मृतिका लक्ष्मी के पिता रामसेवक कोरी नागपोखर हरदी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी चार बेटियां हैं, जिसमें लक्ष्मी सबसे बड़ी थी। पिता को जब हादसे की जानकारी दी गई तो वह कुसमी से बाइक में सीधी के लिए रवाना हुए। उनके इंतजार में मृतिका का शव स्थल घटना स्थल पर ही रखा रहा। वह अपनी छोटी बेटी को साथ लेकर शाम करीब 7 बजे घटना स्थल पर पहुंचे, पिता के पहुंचते ही परिजनों की चीत्कार से घटना स्थल गमगीन हो गया।

————-

एक युवती की नहीं हो पाई पहचान-

स्कूटी पर दो युवतियां सवार थीं। हादसे ने दोनों की जान ले ली। लक्ष्मी की पहचान तो हो गई, लेकिन उसकी सहेली की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। पुलिस युवती के शिनाख्त में जुटी हुई है। दोनो युवतियों का शव जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखवा दिया गया है। रात हो जाने के कारण उनका अंतिम संस्कार गुरूवार को किया जाएगा।

—————–

****कंटेंट- मनोज पांडेय, सीधी****