12 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सीकर: 3 क्विंटल सरसों का बीज जब्त, नामी कंपनियों ​के रैपर मिले; कृषि अधिकारी की रिपोर्ट पर एफआईआर

सीकर जिले की घोराणा की ढाणी में गोदाम की तलाशी में नामी कंपनियों के 179 खाली रैपर, डीएपी के 492 खाली बैग और कंचन काला सोना ब्रांड के 591 कटे हुए खाली कट्टे मिले। मामले में कृषि अधिकारी की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज की गई है।
2 min read
Google source verification

सीकर

•

image

Santosh Trivedi

•

Oct 12, 2026

sarson seeds

मौके से मिली तीन क्विंटल सरसों व खाली रैपर और बैग

Sikar News: सीकर. घोराणा की ढाणी में बिना लाइसेंस संचालित फर्म पर कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई कर तीन क्विंटल सरसों का बीज जब्त किया है। गोदाम की तलाशी में नामी कंपनियों के 179 खाली रैपर, डीएपी के 492 खाली बैग और कंचन काला सोना ब्रांड के 591 कटे हुए खाली कट्टे मिले। मौके से दो पैकिंग मशीनें और कट्टे सिलने की मशीन भी बरामद हुई। आशंका है कि बीज की पैकिंग नामी कंपनियों के कट्टों में कर उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी। कृषि अधिकारी शंकर लाल की रिपोर्ट पर उद्योग नगर थाना पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

लाइसेंस और बिल नहीं दिखा सका संचालक

कृषि विभाग, जयपुर और सीकर की टीम ने शनिवार देर रात उद्योग नगर थाना पुलिस के साथ घोराणा की ढाणी स्थित वार्ड 51 में कार्रवाई की। टीम ने सुनील कुमार सैनी की गाड़ी से 10 कट्टों में रखा तीन क्विंटल सरसों का बीज बरामद किया। अधिकारियों ने बीज के कारोबार से संबंधित लाइसेंस और बिल मांगे तो सुनील कुमार ने बताया कि उसने नया कारोबार शुरू किया है। फर्म फार्मेक्सा केमिकल के नाम से संचालित की जा रही थी।

ताला तोड़कर गोदाम की तलाशी

उद्योग नगर थाने के एसआइ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस जाप्ते के साथ कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां जोधपुर भोजनालय का बोर्ड लगा था और गोदाम पर ताला लगा हुआ था। सुनील कुमार पुत्र बाबूलाल सैनी ने ताला खोलने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ ताला तोड़कर तलाशी ली गई।

गोदाम से कोरटेवा एग्री साइंसेज सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के 179 खाली रैपर, आइपीएल डीएपी के 492 खाली बैग और कंचन काला सोना ब्रांड के 591 कटे हुए खाली कट्टे मिले। मौके से दो पैकिंग मशीनें और कट्टे सिलने की मशीन भी जब्त की गई। कट्टों की स्थिति और पैकिंग मशीनें मिलने के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बीज को दूसरे ब्रांड के कट्टों में भरकर बेचा जा रहा था।

नमूने जांच के लिए भेजे

कृषि विभाग ने जब्त बीज के नमूने जांच के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। जब्त सामग्री ग्राम सेवा सहकारी समिति, पिपराली के व्यवस्थापक ओमप्रकाश को सुपुर्द की गई। तलाशी के बाद गोदाम को गवाहों की मौजूदगी में दोबारा सील करवा दिया गया। बीज की गुणवत्ता और पैकिंग से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।