19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी की फटकार के बाद खुला CBEO कार्यालय, लेकिन अफसरों का जिला मुख्यालय से नहीं छूट रहा मोह

धोद ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) कार्यालय को जिला मुख्यालय सीकर से धोद स्थानांतरित करने के सरकारी आदेश जारी हुए करीब आठ माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कार्यालय पूरी तरह से धोद नहीं पहुंच पाया है।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Anil Prajapat

Jun 19, 2026

madan dilawar

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर व धोद सीबीईओ कार्यालय। फोटो: पत्रिका

सीकर। धोद ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) कार्यालय को जिला मुख्यालय सीकर से धोद स्थानांतरित करने के सरकारी आदेश जारी हुए करीब आठ माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कार्यालय पूरी तरह से धोद नहीं पहुंच पाया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के विशेषाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता की नाराजगी के बाद कार्यालय का संचालन तो शुरू कर दिया गया, लेकिन व्यवस्थाएं अभी भी आधी-अधूरी हैं।

गौरतलब है कि सीबीईओ कार्यालय वर्षों से सीकर में किराए के भवन में संचालित हो रहा था। अक्टूबर में कार्यालय को ब्लॉक मुख्यालय धोद में स्थानांतरित करने के स्पष्ट आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद लंबे समय तक आदेशों की पालना नहीं हुई। इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर सवाल उठाए थे कि आखिर जिला मुख्यालय से अधिकारियों का मोह क्यों नहीं छूट रहा।

समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बाद धोद स्थित भवन की मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य करवाया गया, लेकिन कार्यालय का पूर्ण स्थानांतरण नहीं हो सका। वर्तमान में केवल कुछ कर्मचारियों को धोद भेजकर औपचारिक रूप से कार्यालय संचालन शुरू किया गया है, जबकि अधिकांश प्रशासनिक गतिविधियां अब भी जिला मुख्यालय से संचालित होने की चर्चा है।

निरीक्षण में बंद मिला था कार्यालय

हाल ही में 9 जून को शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता धोद पहुंचे थे। उन्होंने सीबीईओ कार्यालय का निरीक्षण किया तो कार्यालय बंद मिला। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और आवश्यक निर्देश दिए। विशेषाधिकारी की नाराजगी के बाद विभाग हरकत में आया और कुछ कर्मचारियों को धोद में बैठाकर कार्यालय संचालन शुरू कर दिया गया। हालांकि स्थानीय लोगों और शिक्षकों का कहना है कि जब तक कार्यालय की सभी शाखाएं, अभिलेख और अधिकारी पूरी तरह धोद में नहीं बैठेंगे, तब तक स्थानांतरण का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि सीबीईओ कार्यालय का संपूर्ण स्टाफ, रिकॉर्ड और प्रशासनिक कार्य तत्काल प्रभाव से धोद स्थानांतरित किए जाएं, ताकि ब्लॉक मुख्यालय पर कार्यालय संचालन का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।

उठ रहे सवाल

-जब स्थानांतरण के आदेश आठ माह पहले जारी हो चुके हैं तो शिफ्टिंग अब तक पूरी क्यों नहीं हुई?
-धोद में कार्यालय शुरू होने के बावजूद अधिकांश व्यवस्थाएं सीकर में क्यों बनी हुई हैं?
-क्या विभाग केवल औपचारिकता निभाकर आदेशों की पालना दिखाना चाहता है?
-क्या विभाग को ट्रांसपोर्ट खर्च की याद केवल मंत्री के विशेषाधिकारी के निरीक्षण के बाद ही आई?

इनका कहना

सीबीईओ की रिपोर्ट के आधार पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धोद में मूलभूत सुविधाओ एवम ट्रांसपोर्ट व्यय हेतु पीडब्लूडी के तकमीना के साथ बजट माँग हेतु समसा के माध्यम से प्रस्ताव भिजवाने की प्रक्रिया की जा रही है।शीघ्र ही कार्यालय स्थानांतरण करने का प्रयास किया जाएगा
-किरण सैनी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी

सीबीईओ ने भवन में रंग-रोगन व बिजली फिटिंग का कार्य पूरा होने के बाद कार्यालय धोद स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया था। स्थानीय लोगों के जनसहयोग से पूरा करा दिया गया, लेकिन इसके बावजूद कार्यालय अब तक सीकर से संचालित हो रहा है। अधिकारी धोद आने से बच रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेशों की अनुपालना नहीं होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
-अमर सिंह कर्णावत, निवर्तमान नगरपालिका चेयरमैन धोद