
rain in sikar
सीकर में लगातार दूसरे दिन भी बदरा मेहरबान रहे हैं। गुरुवार शाम छह बजे से सीकर जिला मुख्यालय समेत आस-पास के इलाके में जोरदार बारिश हो रही है। इससे पहले बुधवार को भी अच्छी बरसात हुई।
मुम्बई समेत देश के कई हिस्सों में बारिश तबाही मचा रही है। 55 लोगों की जानें तक जा चुकी हैं। इस बीच राजस्थान के सीकर में भी जोरदार बारिश हुई है। बेहद निचले इलाकों में कई जगह मुम्बई जैसे हालात हो गए हैं। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है।
सीकर जिला मुख्यालय पर बुधवार रात को बारिश हुई। मौसम विभाग ने सीकर व उसके आस-पास के इलाके में 44 एमएम बारिश रिकॉर्ड की है। उधर, जिले के नीमकाथाना शहर सहित उपखंड क्षेत्र में दिनभर तपन के बाद शाम को आधे घंटे तक बारिश हुई। तहसील कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में करीब 45 एमएम औसतन बारिश हुई है। नीमकाथाना में सड़कें दरिया बन गई। सबसे अधिक राजकीय एसएनकेपी महाविद्यालय के सामने व छावनी में पानी भर गया। बारिश होने से क्षेत्र के किसानों के चेहरें पर खुशिया छा गई है।
गणेश्वर गांव सहित खादरा, गांवड़ी, भूदोली क्षेत्र में भी पौन घंटे तेज बारिश हुई। पहाड़ों का पानी नदी नालों से होकर एनीकट व बांधों तक पहुंचा। बारिश के बाद भराला मोड पर कासावती नदी में तेज गती से पानी को देखने पहुंचे। नदी का पानी क्षेत्र के एनीकटों तक पहुंचा।
श्रीमाधोपुर. यहां बुधवार को 29 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे फसलों में नई जान आ गई।
खाटूश्यामजी. यहां तेज बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कस्बे में बरसात के चलते जगह जगह पानी भराव हो गया। वहीं बारिश ने किसानों के चेहरों पर भी खुशी ला दी है फसल बुवाई के बाद कई दिनों से बारिश के लिए आसमान में टकटकी लगाए बैठे हुए थे।
दांतारामगढ़ में रिमझिम
दांतारामगढ़. दांतारामगढ़ क्षेत्र में शाम को रिमझम बरसात शुरू हुई जो रूक रूक कर देर तक होती रही। इधर दिनभर बादल छाए रहे है।
सड़कें बनी दरिया
लक्ष्मणगढ़. कस्बे में शाम हुई बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल गए, वहीं दूसरी ओर मुख्य मार्गो पर जलभराव हो गया। मुकुन्दगढ़ मार्ग, रेलवे स्टेशन रोड, रघुनाथ बालिका स्कूल के पीछे वाला मार्ग, मोदी कॉलेज रोड, एसडीएम कोर्ट रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गो पर पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई।
Updated on:
12 Jul 2018, 6:15 PM IST
Published on:
12 Jul 2018, 1:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.