20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Khatushyamji Mela: खाटूश्यामजी मेले में 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, जाने से पहले पढ़ लें काम की खबर

खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाहनों के प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। छोटे वाहन शाहपुरा कट (NH-52) से मुख्य पार्किंग जाएंगे। रोडवेज और रुट की बसें हनुमान वाटिका (चौमू बाईपास) से बस स्टैंड पहुंचेंगी। निकास हनुमानपुरा तिराहा की तरफ से होगा।

3 min read
Google source verification

सीकर

image

Kamal Mishra

Feb 20, 2026

खाटूश्यामजी: फाइल फोटो पत्रिका

सीकर। जिले में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में 21 से 28 फरवरी तक फाल्गुनी मेले का आयोजन होगा। इस दौरान करीब 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस, जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव मिल सके।

रिंगस से खाटू तक 17 किमी पैदल कॉरिडोर

पदयात्रियों के लिए रिंगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा वाहनों से मुक्त कॉरिडोर बनाया गया है। पूरे मार्ग पर पेयजल, रोशनी, शौचालय, विश्राम स्थल और पुलिस निगरानी की व्यवस्था रहेगी। अनधिकृत वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

22 सेक्टर, 350 सब-सेक्टर में सुरक्षा प्रबंधन

मेले को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अस्थायी चौकियां, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। कंट्रोल रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अपडेट जारी होंगे।

25 हजार से अधिक वाहनों के लिए नि:शुल्क पार्किंग

धाम पर प्रतिदिन पहुंचने वाले करीब 25 हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग के लिए चार बड़े नि:शुल्क पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जिन्हें रंग-कोडेड जोन में विभाजित किया गया है। इसके तहत बावन बीघा पार्किंग को पीले रंग में, सांवलपुरा पार्किंग को हरा, लामिया रोड़ पार्किंग को नीला और दातारामगढ़ पार्किंग को गुलाबी रंग कोड दिया गया है और इनके क्यूआर कोड तैयार कर प्रसारित किए जा रहे हैं ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु आसानी से अपने वाहन यहां पा​र्क कर सकें। इसके साथ ही इन चारो पार्किंग के उपर इन्हीं के कोड रंगों वाले बड़े बैलून लगाए जा रहे हैं ताकि दूर से ही श्रद्धालु इनकी दिशा को जान सकें।

44 एलईडी स्क्रीन और QR सुविधा

मंदिर और प्रवेश द्वारों पर 44 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर दर्शन प्रतीक्षा समय, पार्किंग स्थिति, आरती समय, आपात नंबर और मौसम जानकारी प्रदर्शित होगी। गुमशुदा सूचना भी प्रसारित होगी। QR कोड आधारित मार्गदर्शन से श्रद्धालुओं को नेविगेशन में सहायता मिलेगी।

12 पुलिस सहायता बूथ और हेल्पलाइन

मेला क्षेत्र में 12 पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं, जो वायरलेस और लैंडलाइन से जुड़े रहेंगे। हेल्पलाइन 112 और मोबाइल नंबर 9667600788 चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे।

रथ यात्रा और विशेष यातायात योजना

27 फरवरी सुबह 10:30 बजे एकादशी पर रथ यात्रा निकलेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट तैनाती और डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।

25 हजार वाहनों के लिए रंग-कोडेड पार्किंग

चार नि:शुल्क पार्किंग स्थल—बावन बीघा (पीला), सांवलपुरा (हरा), लामिया रोड (नीला) और दातारामगढ़ (गुलाबी)—तैयार किए गए हैं। QR कोड और रंगीन गुब्बारों से पहचान आसान होगी। प्रतिदिन 25 हजार से अधिक वाहनों की व्यवस्था की गई है।

25 रुपये में ई-रिक्शा सेवा

करीब 2000 ई-रिक्शा पास जारी किए गए हैं, जो 25 रुपये में पार्किंग से दर्शन स्थल तक पहुंचाएंगे।

अतिरिक्त मार्ग और होल्डिंग एरिया

भीड़ नियंत्रण के लिए जिगजैग मार्ग, फुट ब्रिज और 40 बीघा का होल्डिंग एरिया बनाया गया है। आवश्यकता होने पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित रोका जाएगा।

पहुंच मार्ग और नो-व्हीकल जोन

जयपुर, रिंगस और सीकर मार्ग से अलग-अलग प्रवेश-निकास व्यवस्था रहेगी। खाटू कस्बा और रिंगस रोड को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है।

डीजीपी की अपील

डीजीपी ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन, अनुशासन बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है, ताकि मेला सुरक्षित और यादगार बन सके।