
इस परिवार का हो चुका काफी नुकसान , प्रशासन द्वारा दिया जा रहा केवल आश्वासन
खाचरियावास. कस्बे के वार्ड नंबर 4 में दो परिवारों के लिए बरसात का पानी आफत बन गया है। शनिवार शाम हुई तेज बरसात से पीडि़त परिवारों के घरों में पानी भरने से खाने-पीने का सामान, जरूरी दस्तावेज सहित अन्य सामान खराब हो चुका है वही बरसात का पानी मकानों की नींव में जाने के कारण मकानों में जगह-जगह दरारें आने से गिरने के कगार पर है पीडि़त परिवारों ने पूरी रात घर के बाहर बैठकर गुजारी है।
गौरतलब है कि कस्बे के वार्ड 4 में कन्हैया लाल जांगिड़ व ओम स्नेही जांगिड़ के घर के पास गली में ग्राम पंचायत द्वारा नाली व बरसात का पानी जाने के लिए नाले का निर्माण करवाया था, लेकिन इस नाले के आगे एक खेत मालिक ने मिट्टी डालकर इसे बंद कर रखा है। शनिवार देर शाम सूचना पर नायब तहसीलदार व गिरदावर व पुलिस चौकी खाचरियावास का जाप्ता भी मौके पर पहुंचा लेकिन नाले से मिट्टी उठाने का कार्य नहीं हो सका। इधर खेत मालिक ने कहा कि पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा इस नाले का निर्माण गलत रूप से करवाया गया है। इसे लेकर खेत में पानी नहीं जाने दिया जाएगा।
खेत मालिक व ग्रामपंचायत की लड़ाई में पीडि़त परिवारों को आर्थिक व शारीरिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अगर आज कल में और बारिश हुई तो पीडि़त परिवारों के मकान गिर सकते हैं। पीडि़त परिवारों ने बताया कि प्रशासन द्वारा केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है काफी नुकसान हो चुका है लेकिन ग्राम पंचायत व प्रशासन पानी निकासी का समाधान नहीं कर रहे हैं।
आर्थिक स्थिति है खराब
पीडि़त परिवार में घर का मुखिया कन्हैया लाल जांगिड़ लंबी बीमारी का शिकार है पत्नी व बेटा मजदूरी करके सात सदस्यों का पालन पोषण कर रहे हैं। इधर ओम स्नेही ने हाल ही में कर्जा लेकर दो मकान बनवाए थे। मकानों की नींव में बरसात का पानी जाने से जगह-जगह दरारें आकर गिरने के कगार पर हैं।
Published on:
11 Jun 2018, 5:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.