
PM Modi Jaipur Visit 2018 :
सीकर.
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 से पहले जयपुर में सात जुलाई को होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में भीड़ जुटाने का जिम्मा जनप्रतिनिधि ही नहीं अफसरों को भी दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी की जयपुर सभा के लिए प्रदेशभर से दो लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें जयपुर जिला कलक्टर को सबसे ज्यादा 18 हजार और जैसलमेर को सबसे कम दो हजार का लक्ष्य मिला है। वहीं सीकर को नौ हजार, झुंझुनूं को छह हजार, उदयपुर को 11 हजार का लक्ष्य दिया है।
सभी की टिकी निगाह
चुनावी साल में प्रदेश की राजधानी में होने वाली प्रधानमंत्री की सभा को लेकर अभी से सभी दलों की निगाह टिकी हुई है। भीड़ जुटाने के लिए भाजपा ने जनप्रतिनिधियों के साथ अफसरों को लाभार्थियों को लाने का लक्ष्य दिया है। पिछले दिनों जिला कलक्टरों की इस संबंध में बैठक भी हो चुकी है। इसके आधार पर जिला कलक्टरों ने परिवहन अधिकारियों को वाहनों के इंतजाम की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
पेश होगी बदलाव की नजीर
भाजपा केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए प्रदेश की जनता के सामने बदलाव की नजीर पेश करने की तैयारी में है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों को योजनाओं से जुड़ी सफलता की ग्राउण्ड लेवल स्टोरी भेजने के निर्देश दिए हैं।
पहला सत्र योजनाओं का
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जनसंवाद कार्यक्रम की तर्ज पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सात जुलाई का कार्यक्रम होना है। इसमें पहले सत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विभिन्न जिलों से आए लोगों से योजनाओं को लेकर बातचीत करेंगे। अगले चरण में लोगों को विभिन्न योजनाओं की सफलता से जुड़ी प्रदर्शनी भी दिखाई जाएगी।
Updated on:
26 Jun 2018, 7:41 PM IST
Published on:
26 Jun 2018, 6:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.