
फोटो: पत्रिका
Rajasthan News: सीकर शहर के कोतवाली रोड स्थित एसबीआई बैंक में बैंक गार्ड की सतर्कता से एक बड़ी चोरी होने से बच गई। बैंक में पेंशन के रुपए निकालने आए एक सेवानिवृत्त फौजी के बैग से दो महिलाओं ने एक लाख रुपए निकाल लिए, लेकिन गार्ड की सूझबूझ और तत्परता से पूरी रकम वापस बरामद कर ली गई। घटना के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार रेवांसी, सिहोट बड़ी निवासी 61 वर्षीय भंवर सिंह पुत्र लादू सिंह मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे सीकर शहर के कोतवाली रोड स्थित एसबीआई बैंक पहुंचे थे। भंवर सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं और बैंक से अपनी पेंशन की राशि निकालने आए थे। उन्होंने बैंक से करीब चार लाख रुपए निकाले। इसके बाद वह नीचे लगी मशीन पर अपनी पासबुक में एंट्री करवाने लगे। इसी दौरान उनके पीछे खड़ी दो महिलाओं ने मौका देखकर उनके बैग की चेन खोल दी और उसमें से एक लाख रुपए निकाल लिए।
भंवर सिंह को अचानक बैग से छेड़छाड़ होने का एहसास हुआ। उन्हें शक होने पर उन्होंने तुरंत अपना बैग चेक किया तो उसमें से एक लाख रुपए गायब मिले। यह देखते ही उन्होंने तुरंत बैंक के गार्ड भागीरथ सिंह को इसकी जानकारी दी। गार्ड ने बिना समय गंवाए बैंक परिसर में मौजूद दोनों संदिग्ध महिलाओं पर नजर रखी और उन्हें पकड़ लिया।
गार्ड के पकड़ते ही एक महिला घबरा गई और उसने चोरी किए गए रुपए नीचे गिरा दिए। इसके बाद गार्ड ने तुरंत रकम अपने कब्जे में लेकर ग्राहक भंवर सिंह को सौंप दी। बैंक प्रबंधन ने भी गार्ड की इस सतर्कता की सराहना की। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में दो महिला कांस्टेबल भी शामिल थीं, जिन्होंने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं वे किसी संगठित गिरोह से जुड़ी तो नहीं हैं। एसबीआई बैंक के मैनेजर विविन ने गार्ड भागीरथ सिंह की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
Updated on:
20 May 2026 01:26 pm
Published on:
20 May 2026 12:59 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
