
फोटो पत्रिका
सीकर/फतेहपुर। मकर संक्रांति पर फतेहपुर शेखावाटी में भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की मां-बेटी व दो पुत्रवधुओं व देवरानी सहित छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जयपुर-बीकानेर हाईवे पर हरसावा गांव के पास हुआ, जहां अंतिम संस्कार से लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में रघुनाथपुरा निवासी मोहिनी देवी (80), उनकी बेटी इंद्रा (60) दो पुत्र वधू तुलसी (45) पत्नी ललित और चंदा देवी (55) पत्नी सुरेंद्र, देवरानी संतोष (45), जेठ के बेटे की बहू आशा (60) पत्नी मुरारी की मौत हो गई। वहीं मोहिनी की पोती सोनू पुत्री सुरेंद्र, पुत्रवधु बरखा पत्नी ओमप्रकाश व चालक मांडेला निवासी वसीम को गंभीर रूप घायल होने पर सीकर रेफर किया गया। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों के शव भी बड़ी मुश्किल से निकाले जा सके।
जानकारी के अनुसार मृतका मोहिनी देवी की ननद की लक्ष्मणगढ़ में मौत होने पर परिवार दाह संस्कार में शामिल होने गया था। वापस लौटते समय हादसा घर से करीब पांच किमी पहले हुआ। सदर थानाधिकारी सुरेन्द्र देगड़ा ने बताया कि दाह संस्कार में शामिल होने के करीब दो दर्जन लोग चार गाड़ियों में गए थे।
वापसी में एक गाड़ी में परिवार की आठ महिलाएं बैठी थी। हरसावा गांव के आगे मोड़ पर ओवरटेक करते समय गाड़ी सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कई महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने 108 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
डीवाईएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ना सामने आया है। जिसके चलते कार ट्रक में जा घुसी। क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। हादसे के बाद ट्रोमा सेंटर पर जनप्रतिनिधियों व बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा।
Updated on:
14 Jan 2026 07:50 pm
Published on:
14 Jan 2026 05:55 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
