
सिंगरौली. मध्यप्रदेश में एक बार फिर सिस्टम के कारण शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई हैं। मामला सिंगरौली जिले का है जहां नवजात बच्चे की मौत के बाद एंबुलेंस न मिलने पर बेबस पिता उसके शव को बाइक डिग्गी में रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और कलेक्टर के सामने अपना दर्द बयां किया। कलेक्टर ने पिता की बात सुनकर उसे उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। घटना 17 अक्टूबर की है बताया जा रहा है कि जन्म से पहले ही बच्चे की गर्भ में मौत हो गई थी इसके बाद जब उन्होंने शव ले जाने के लिए एंबुलेंस या वाहन की मांग की तो जिला अस्पताल के स्टाफ ने कोई भी वाहन न होने की बात कहकर उन्हें वहां से रवाना कर दिया था।
ये है पूरा मामला
17 अक्टूबर को दिनेश भारती नाम का युवक अपनी पत्नी मीना भारती की डिलीवरी कराने के लिए सिंगरौली के जिला अस्पताल पहुंचा था। दिनेश का आरोप है कि जिला अस्पताल में पदस्थ स्टाफ की नर्स ने पर्ची काटने के नाम पर मरीज के परिजनों को अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. सरिता शाह के निजी क्लीनिक में भेज दिया, जहां चिकित्सक ने मरीज के परिजनों से 200 रुपए की फीस ली और जब पर्ची काटी गई और अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट डॉक्टर ने देखी तो पता चला बच्चे की मौत मां की कोख में हो चुकी है। बच्चे की मौत हो जाने की बात पता चलते ही डॉक्टर सरिता शाह के निजी क्लीनिक के स्टाफ ने उन्हें 5 हजार रुपए दिए और वापस जिला अस्पताल भेज दिया। जहां दिनेश की पत्नी भारती ने मृत बच्चे को जन्म दिया। मृत बच्चे के शव को लिए माता-पिता अस्पताल में यहां वहां भटकते रहे और शव को घर ले जाने के लिए वाहन दिलाने की गुहार लगाते रहे लेकिन स्टाफ ने एक न सुनी और उल्टे एंबुलेंस न होने की बात कहकर उन्हें वहां से रवाना कर दिया।
बाइक की डिग्गी में नवजात का शव लेकर पहुंचा कलेक्टर
बच्चे की मौत का गम और सिस्टम की मार झेल रहा पिता दिनेश एंबुलेंस न मिलने के कारण बाइक की डिग्गी में ही नवजात बच्चे का शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और कलेक्टर से अपने दिल का दर्द बयां करते हुए अस्पताल की लापरवाही बयां की। कलेक्टर ने दिनेश की पूरी बात सुनने के बाद उन्हें जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। बता दें कि ये कोई पहली बार नहीं है जब सिंगरौली या फिर प्रदेश के जिला अस्पताल की लापरवाही के कारण इस तरह की तस्वीर सामने आई है और सिस्टम शर्मसार हुआ है।
Published on:
18 Oct 2022 09:50 pm
बड़ी खबरें
View Allसिंगरौली
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
