
Teacher recruitment in model schools
सिंगरौली. उत्कृष्ट एवं मॉडल स्कूलों में शिक्षकों की पदस्थापना के लिए शनिवार को काउंसलिंग हुई। बैढऩ उत्कृष्ट विद्यालय में काउंसलिंग का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पाण्डेय की मौजूदगी में जिले भर 49 शिक्षक काउंसलिंग में पहुंचे। जिसमें से 47 की पदस्थापना कर दी गई है।
लेकिन अफसोस की बात यह रही कि परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल 103 शिक्षकों में से 56 शिक्षक काउंसलिंग में शामिल नहीं हुए। जिसकी वजह से अभी भी 39 पद खाली रह गए हैं।
विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुछ शिक्षकों ने उत्कृष्ट विद्यालय में पदस्थापना के लिए दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसकी वजह यह मानी जा रही है कि शिक्षकों को उत्कृष्ट एवं मॉडल स्कूल में समय से स्कूल पहुंचना होगा एवं पूरे समय पर बच्चों को पढ़ाना पड़ेगा। इसी डर से शिक्षक काउंसलिंग में शामिल नहीं हुए।
उल्लेखनीय है कि तीनों मॉडल एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में कुछ 86 पद स्वीकृत हैं। जिसमें से 47 शिक्षकों की पदस्थापना हो गई है। 39 पद अभी भी खाली पड़े हुए हैं। बायोलॉजी में 11 पद हैं जिसमें तीन भरे जा चुके हैं। केमिस्ट्री में तीन पद हैं तीनों भरे जा चुके हैं। अर्थशास्त्र में 3 पद हैं जिसमें दो भरे गए हैं। अंग्रेजी में 17 पद हैं जिसमें 11 भरे जा चुके हैं।
भूगोल में 12 पद हैं जिसमें 4 भरे जा चुके हैं। हिन्दी में 18 पद हैं जिसमें चार भरे जा चुके हैं। इसी प्रकार इतिहास में 8 पद हैं जिसमें 4 भरे जा चुके हैं। गणित में 4 पद हैं जिसमें 3 भरे जा चुके हैं। भौतिक में 7 पर हैं जिसमें तीन भरे जा चुके हैं। राजनीति में 8 पद हैं जिसमें 4 भरे जा चुके हैं। संस्कृत में 9 पर हैं जिसमें 5 भरे जा चुके हैं। काउंसलिंग में डीईओ रोहिणी पाण्डेय के साथ प्राचार्य इंद्रबली उपाध्याय, राजेन्द्र धर द्विवेदी, प्रदीप तिवारी भी मौजूद रहे।
फिर से होगी विभागीय परीक्षा
उत्कृष्ट विद्यालयों में अब बचे हुए पद भरने के लिए जिला स्तर पर शिक्षकों की विभागीय परीक्षा आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट एवं मॉडल स्कूल में पदस्थापना के लिए इच्छुक शिक्षक परीक्षा में शामिल होंगे। उसमें से उत्तीर्ण शिक्षकों की पदस्थापना उत्कृष्ट एवं मॉडल स्कूल में की जाएगी।
काउंसलिंग के बाद शिक्षा विभाग अब इसकी तैयारी में जुट गया है।
Updated on:
29 Jul 2018, 12:51 PM IST
Published on:
29 Jul 2018, 12:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.