scriptपूर्व CM अशोक गहलोत बोले- आपका प्यार देखकर वैभव को आपके बीच उम्मीदवार बनाकर भेजा है | Former CM Ashok Gehlot said Seeing your love, I have sent Vaibhav as a candidate among you | Patrika News
सिरोही

पूर्व CM अशोक गहलोत बोले- आपका प्यार देखकर वैभव को आपके बीच उम्मीदवार बनाकर भेजा है

Rajasthan Politics: पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जालोर-सिरोही की जनता का प्यार देखकर वैभव गहलोत को आपके बीच उम्मीदवार बनाकर भेजा है।

सिरोहीMar 24, 2024 / 02:10 pm

Santosh Trivedi

vebhav_ashok_gehlot.jpg

Rajasthan Politics: लोकसभा चुनाव को लेकर सिरोही जिला मुख्यालय स्थित पणिहारी गार्डन में कांग्रेस के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों का संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केन्द्र की सत्तासीन सरकार सत्ता के नशे में भ्रमित हो गई है। पूर्व में कई सरकारें रही, जिनका एक ही उद्देश्य था कि देश में रहने वाले हर तबके के लोगों को राहत मिले और यही सरकार की नैतिक नीति होती है, लेकिन केन्द्र की भाजपा सरकार का इन नीतियों से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है।

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जालोर-सिरोही की जनता का प्यार देखकर वैभव गहलोत को आपके बीच उम्मीदवार बनाकर भेजा है। जालोर-सिरोही क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कमजोर होने से यह क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है और इस बार लोकसभा क्षेत्र की जनता का मानस बदलाव की ओर है। इसलिए सभी मजबूती से कांग्रेस के उम्मीदवार को विजयी बनाने के लिए कार्य करें।

लोकसभा प्रत्याशी वैभव गहलोत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जमीनी कार्यकर्ता को आगे लाने का काम किया है। वैभव ने कहा कि वे जनता के हक के लिए हमेशा लड़े है और आने वाले समय में जालोर-सिरोही क्षेत्र की जनता को उनका हक दिलाकर क्षेत्रवासियों का सपना पूरा करेंगे।

पूर्व विधायक संयम लोढा ने कहा कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरूपयोग अपने चुनाव के लिए कर रही है। जिस व्यक्तित्व को राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरा देश एक आशा व उम्मीद की निगाहों से देखता है, उस व्यक्ति के विरूद्ध भी भाजपा राजकीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर नोटिस भिजवाने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार की योजनाओं का गुणगान पूरा प्रदेश कर रहा है और भाजपा उन योजनाओं को कमजोर कर रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनन्द जोशी ने जिले की संगठनात्मक गतिविधियों व मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-ढाणी तक कांग्रेस के विजन को पहुंचाने की अपील की। रेवदर विधायक मोतीराम कोली, भीनमाल विधायक समरजीतसिंह, लीलाराम गरासिया, पूर्व विधायक गंगाबेन गरासिया, लालाराम गरासिया, पूर्व जिला प्रमुख चन्दनसिंह देवडा, अन्नाराम बोराणा, हेमलता शर्मा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत का सिरोही हवाई पट्टी पहुंचने पर पूर्व विधायक संयम लोढा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोशी, रेवदर विधायक मोतीराम कोली, लीलाराम गरासिया के नेतृत्व में दर्जनों प्रमुख कांग्रेसी नेताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर पूर्व जिला प्रमुख चन्दनसिंह देवड़ा, अन्नाराम बोराणा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरीश चौधरी, प्रदेश सचिव हरीश परिहार आदि ने स्वागत किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो