28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sirohi Crime: ‘पापा कब आओगे…’ मासूम बेटी फोन करती रही और दरिंदों ने छीन ली 3 बहनों के इकलौते भाई की जिंदगी

Sirohi News: सिरोही के आमलारी गांव में नाली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविवार को पड़ोसियों ने लाठी-पत्थरों से हमला कर अभय पुरोहित की हत्या कर दी। पंचायत में मामला पहुंचने के बावजूद विवाद नहीं थमा। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपीयों की गिरफ्तारी व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर थाने के बाहर प्रदर्शन किए।
4 min read
Google source verification
Sirohi Murder Case

मृतक के परिजन और पुलिस (पत्रिका फोटो)

Sirohi Murder Case: नागाणी (सिरोही): सिरोही जिले के आमलारी गांव में रविवार सुबह कुछ लोगों ने लाठी-पत्थर और धारदार हथियारों से हमला कर 36 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हमले के पीछे पानी निकासी का विवाद सामने आया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि घर के बाहर गंदे पानी निकासी की बात को लेकर अभय पुरोहित (36) का लंबे समय से पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद रविवार सुबह कुछ लोगों ने रास्ते में हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने शव कालंद्री सीएचसी में रखवाया है। इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीण और समाज के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

पंचायत तक पहुंचा था मामला

मृतक के परिजनों का आरोप है कि घर के बाहर गंदे पानी की निकासी को लेकर लंबे समय से पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था। मृतक की बहन पवनी ने बताया कि शनिवार दोपहर विवाद बढ़ गया था और मामला ग्राम पंचायत तक पहुंचा। परिवार ने पंचायत के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान की मांग की थी, ताकि किसी प्रकार का झगड़ा न हो। लेकिन हालात बिगड़ते चले गए और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और संदिग्ध लोगों को दस्तयाब कर पूछताछ की जा रही है।

महिलाओं से अभद्रता के बाद बढ़ा तनाव

आरोप है कि शनिवार शाम पड़ोसियों ने अभय के परिवार की महिलाओं के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। ग्रामीणों ने उस समय मामला शांत कराया। इसके बाद रविवार सुबह अभय अपनी मां और बहन को पानी की समस्या के चलते कृषि कुएं पर छोड़ने गया था।

इसके बाद वह पत्नी और पांच वर्षीय बेटी को लेने वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उसे रोक लिया और लाठियों, पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल पर मिले खून से सने पत्थर और लाठियां

आमला माता मंदिर मार्ग के पास जहां अभय गंभीर घायल अवस्था में मिला, वहां खून से सने पत्थर, लाठियां और मिट्टी पर खून के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को यहीं अंजाम दिया गया। अभय के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो हमले की क्रूरता को दर्शाते हैं। गंभीर हालत में अभय को पहले सिलदर पीएचसी और बाद में कालन्द्री सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था अभय

अभय पुरोहित तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी हत्या से बुजुर्ग माता-पिता, तीन बहनें, पत्नी और पांच वर्षीय बेटी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अभय परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। ऐसे में उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बेटी ने दो बार किया कॉल, नहीं उठाने पर अनहोनी का शक हुआ

परिजनों ने बताया कि अभय मां और बहन को छोड़ने के बाद पत्नी और बेटी को भी कृषि कुएं पर ले जाने के लिए घर लौट रहा था। काफी देर तक वह वापस घर नहीं पहुंचा तो पांच वर्षीय बेटी ने सुबह 7.35 बजे और फिर 7.45 बजे पापा को कॉल किया, लेकिन घटना के कारण अभय फोन नहीं उठा सका। फोन नहीं उठाने पर परिजनों को अनहोनी का शक हुआ।

पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

मृतक के परिजन प्रकाशराज पुरोहित की रिपोर्ट पर पुलिस ने घेवाराम, कृष्ण कुमार, भरत, अमृत और नटवर के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक रास्ता रोककर हत्या करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

1 करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग, आंदोलन की चेतावनी

अभय पुरोहित हत्याकांड को लेकर समाज में भारी आक्रोश है। समस्त राजपुरोहित समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पीडि़त परिवार को 1 करोड़ रुपए मुआवजा, आश्रित को सरकारी नौकरी और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

समाज का कहना है कि अभय कुमार परिवार का इकलौते कमाऊ सदस्य था। उनके पीछे बुजुर्ग माता-पिता, तीन बहनें और एक मासूम बेटी हैं। समाज ने चेतावनी दी है कि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 36 कौम के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इनका कहना है…

मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। सीआई ने मौके का मुआयना किया है। शव का अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण घर के बाहर नाली को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। गहनता से जांच की जा रही है।
-अशोक आंजणा, पुलिस उप अधीक्षक, रेवदर