
sirohi
सिरोही. जिले के सरकारी तथा गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त करने के आदेश कागजों में कैद हो गए। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने तंबाकू मुक्त स्कूल संबंधी घोषणा पत्र देने और परिसर के १०० मीटर के दायरे में उत्पाद बेचने के प्रतिबंध से संबंधित बोर्ड लगाने के आदेश दिए थे, लेकिन काम नहीं हुआ। जिले के ज्यादातर शिक्षण संस्थान यह नहीं बता पाए। वहीं निरीक्षण को लेकर भी जिम्मेदारों ने संजीदगी नहीं दिखाई है हालांकि जागरूकता का दावा किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों ने तंबाकू मुक्त स्कूल की गाइड लाइन को कागजों से बाहर नहीं निकलने दिया। सिरोही जिले में भी ज्यादा संस्थाएं घोषणा पत्र पर अमल तो दूर इसे पूरा भी नहीं कर पाईं।
हर तीन माह में रिपोर्ट का दावा
प्रचार्यों को चेतावनी नोट के फोटो और घोषणा पत्र डीईओ को देने के लिए कहा था। इसमें यह उल्लेख जरूरी था कि स्कूल परिसर में कोई भी बाहरी व्यक्ति, स्टाफ और छात्र तंबाकू पदार्थों का सेवन नहीं करते हैं। साथ ही, यह भी लिखना अनिवार्य था कि वे परिसर की जांच कर चुके हैं, जहां बीडी, सिगरेट, गुटका पाउच और तंबाकू थूकने के निशान नहीं पाए गए। प्राचार्य को हर तीन महीने में रिपोर्ट देने के निर्देश थे लेकिन ज्यादातर संस्थाएं फार्मेट में आए घोषणा पत्र से आगे नहीं बढ़ पाईं।
दाग दिखने पर प्राचार्य की जवाबदारी
अहम बात यह है कि अगर स्कूल में जांच के दौरान दीवारों पर तंबाकू-गुटखे के दाग नजर आते हंै तो प्राचार्य इसके जिम्मेदार होंगे लेकिन शिक्षा विभाग ने अपने अधीन स्कूल नहीं देखे। प्राचार्यों ने परिसर में तंबाकू मुक्त क्षेत्र और मुख्य गेट से 100 मीटर के दायरे में बिक्री पर प्रतिबंध की चेतावनी नहीं लिखी।
आकलन के बाद यह हकीकत
तंबाकू मुक्त शाला की स्थिति संतोषजनक नहीं है। निजी स्कूलों में भी इसकी पालना ठीक से नहीं हो रही है। इस कारण सभी डीईओ को इस पर नजर रखनी होगी और समय पर दौरा करना होगा। विभाग के निर्देश हैं कि अगर स्कूलों में घोषणा पत्र का पालन नहीं हो रहा है तो सख्त कार्रवाई की जाए। जांच के दौरान अगर किसी जिले में इसे गम्भीरता से नहीं लिया जाता तो शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ एक्शन भी लिया जा सकता है।
आज ही देंगे आदेश...
स्कूलों को तंबाकू मुक्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, कई ने प्रपत्र जारी किए थे। सोमवार को फिर आदेश निकालकर स्कूलों से प्रपत्र मांगेंगे।
- अजय माथुर, एडीईओ, सिरोही
Published on:
08 Jan 2018 11:09 am
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
