
SIROHI
सिरोही. आराध्य देव सारणेश्वर महादेव मंदिर में वैसे रोजाना भक्तों की आवाजाही रहती है लेकिन सोमवार को महाशिवरात्रि के सर्वार्थ सिद्धि योग में सुबह से ही लम्बी कतारें लग गईं। आसपास के गांवों से ग्रामीणों के रेले मंदिर की ओर जाते दिखे। हाट बाजार में भी जमकर खरीदारी हुई। परम्परागत पहनावे में ग्रामीण शिवरात्रि मेले में अलग ही आकर्षण पैदा कर रहे थे। रात्रि में 108 घड़ों से महादेव का अभिषेक किया गया। देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा।
शिवरात्रि के महापर्व पर जिला मुख्यालय के भाटकड़ा स्थित महाकाल मंदिर, कुम्हारवाड़ा के भागीरथेश्वर, आम्बेश्वर समेत आसपास के मंदिरों में भी लोगों का तांता लगा रहा। सुबह पूजा कर आरती की गई। इसके बाद सजावट कर प्रसाद का भोग लगाया गया। सारणेश्वर मंदिर में 108 कुण्डी होमाष्टमक का कार्यक्रम हुआ।
डोडूआ के भुवनेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शाम को भजन संध्या का कार्यकम हुआ। ओड़ा के विकेश्वर महादेव, झाड़ोली वीर के वोवेश्वर महादेव, पिपलेश्वर महादेव, वराड़ा के सोमनाथ महादेव मंदिर, भूतगांव के भूतेश्वर महादेव, मंडवारिया के मल्लेश्वर महादेव, बरलूट के सारणेश्वर महादेव, कालन्द्री के बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम हुए। मांडाणी स्थित नीलकण्ठ महादेव मंदिर में पुजारी हीरा महाराज के सान्निध्य में विशेष आंगी सजाई गई। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
नया सानवाड़ा.वीरवाड़ा की पहाड़ी पर स्थित टेकरी माता का वार्षिक मेला भरा। सुबह माता का विशेष श्रंगार कर आरती की गई। दिनभर श्रद्धालुओं को तांता लगा रहा। मेले में नया सानवाड़ा, विरोली, कोटड़ा, तेलपुर, डिंगार, नांदिया, आरासना, लोटाणा, झाड़ोली, परलाई, उन्द्रा, बालदा, राजपुरा आदि गांवों के लोग आए।
Published on:
04 Mar 2019 07:19 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
