
Sirohi News: राजस्थान के सिरोही जिले में सोशल मीडिया पर धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार आठवें दिन भी जारी रहा।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 खतरनाक छुरियां बरामद की गईं।
साथ ही इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ रील अपलोड करने वाले 4 आरोपियों की आईडी भी ब्लॉक करवाई गई। पुलिस ने बताया कि गत 9 फरवरी से आबूपर्वत क्षेत्र में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
असामाजिक तत्वों की ओर से तलवार, चाकू और छुरी लहराते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त निगरानी शुरू की। पुलिस का उद्देश्य आमजन में भय का माहौल खत्म करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।
(सभी मामलों में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए)
पुलिस ने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ रील अपलोड करने वाले चार आरोपियों की आईडी ब्लॉक करवाई। यह कदम सोशल मीडिया पर फैल रही दहशतगर्दी को रोकने के लिए उठाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
18 Feb 2026 01:27 pm
Published on:
18 Feb 2026 01:26 pm
