13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sirohi: पंचायत समिति का JTA 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, मांगी 1 लाख की रिश्वत, 80,000 में सौदा तय

सिरोही जिले की रेवदर पंचायत समिति में संविदा पर कार्यरत जेटीए दिनेश कुमार वैष्णव को एसीबी ने 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification
dinesh kumar

सिरोही. आरोपी कनिष्ठ तकनीकी सहायक (जेटीए) दिनेश कुमार वैष्णव। Photo- Patrika

सिरोही जिले की रेवदर पंचायत समिति में संविदा पर कार्यरत कनिष्ठ तकनीकी सहायक (जेटीए) दिनेश कुमार वैष्णव को एसीबी जयपुर की विशेष अनुसंधान इकाई टीम ने 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

परिवादी ग्राम पंचायत उड़वारिया प्रशासक सरपंच ने एसीबी जयपुर में शिकायत की थी। जेटीए ने उड़वारिया में 10 कैटल शेड के निर्माण की तकनीकी स्वीकृति के एवज में घूस मांगी थी। शिकायत पर एसीबी ने जेटीए को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।

एसीबी ने बताया कि परिवादी ग्राम पंचायत उड़वारिया प्रशासक सरपंच ने उनकी ग्राम पंचायत में 10 कैटल शेड निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए पंचायत समिति में फाइल दी थी।

शेड निर्माण की तकनीकी स्वीकृति जारी करने की एवज में आरोपी जेटीए दिनेश कुमार वैष्णव ने प्रति कैटल शेड 10 हजार रुपए की दर से कुल 1 लाख रुपए रिश्वत के मांगे। इसके बाद 80 हजार में सौदा तय हुआ।

रिश्वत मांगने पर पंचायत प्रशासक ने एसीबी जयपुर में शिकायत की। एसीबी की टीम ने 11 फरवरी को शिकायत का सत्यापन किया। जिसमें आरोपी की ओर से तकनीकी स्वीकृति जारी करने के एवज में प्रति कैटल शेड 8 हजार रुपए की दर से कुल 80 हजार रुपए रिश्वत राशि मांगना पाया गया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी उपमहानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई करते हुए टीम ने मंगलवार को आरोपी दिनेश कुमार वैष्णव को परिवादी से 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

एसडीएम कार्यालय के बाहर कार से पकड़ा

परिवादी से रिश्वत लेने के बाद आरोपी अपनी कार से रवाना हो गया। इसी दौरान पीछे लगी एसीबी की टीम ने उसे एसडीएम कार्यालय के बाहर कार से दबोच लिया। उसकी जेब से रिश्वत की राशि मिली, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी 2018 में कनिष्ठ तकनीकी सहायक (जेटीए) पद पर लगा था।