6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Malaysia Masters 2025: किदांबी श्रीकांत मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में, एचएस प्रणॉय हुए बाहर

कुआलालंपुर स्थित एक्सियाटा एरिना, केएल स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में 59 मिनट तक चले मुकाबले में श्रीकांत ने आयरलैंड के न्हाट गुयेन को सीधे गेमों में 23-21, 21-17 से पराजित किया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

May 23, 2025

भारत के प्रमुख बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत (BFI offical Site)

Kidambi Srikanth, Malaysia Masters 2025: भारत के प्रमुख बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने गुरुवार को मलेशिया मास्टर्स 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टरफाइनल में स्थान पक्का किया। इसी प्रकार मिश्रित युगल वर्ग में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की भारतीय जोड़ी ने भी अंतिम आठ में जगह बनाई। कुआलालंपुर स्थित एक्सियाटा एरिना, केएल स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में 59 मिनट तक चले मुकाबले में श्रीकांत ने आयरलैंड के न्हाट गुयेन को सीधे गेमों में 23-21, 21-17 से पराजित किया।

पहले गेम की शुरुआत से ही श्रीकांत ने आक्रामकता दिखाई और लगातार बढ़त बनाए रखी। हालांकि न्हाट गुयेन ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन अंततः श्रीकांत ने अंक बटोरते हुए पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी श्रीकांत ने दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत दर्ज की और क्वार्टरफाइनल में जगह सुनिश्चित की। अब उनका अगला मुकाबला फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से होगा।

वहीं, पुरुष एकल वर्ग में विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एच.एस. प्रणॉय को जापान के 23वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी युशी तनाका के खिलाफ 9-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। अन्य पुरुष एकल मुकाबलों में आयुष शेट्टी को फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से 13-21, 17-21 से पराजय मिली, जबकि भारत के सतीश करुणाकरन, जो कि पुरुष एकल विश्व रैंकिंग में 51वें स्थान पर हैं, को 18वें वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी क्रिस्टो पोपोव से 13-21, 17-21 से हार झेलनी पड़ी।

मिश्रित युगल वर्ग में भारतीय जोड़ी तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने फ्रांस के ली पालेर्मो और जूलियन मयो को एक घंटे सात मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-17, 18-21, 21-15 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। अब उनका सामना चीन के जियांग जेन बैंग और वेई या शिन की जोड़ी से होगा। महिला युगल में भारत की प्रेरणा अल्वेकर और मृणमयी देशपांडे की जोड़ी को चीनी ताइपे की आठवीं वरीय जोड़ी लिन झिह युन और सू यिन हुई से 9-21, 14-21 से शिकस्त मिली।