Pro Kabaddi League: हर बार की तरह प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन के प्लेयर ऑक्शन में खूब धनवर्षा देखने को मिली। कई फ्रेंचाइजी ने दुनिया भर से बेहतरीन प्रतिभाओं को हासिल करने के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च किए। 2014 में अपनी शुरुआत के बाद से इस लीग ने कई कबड्डी सितारों को करोड़पति बना दिया है। प्रो कबड्डी लीग ने सीजन 6 में अपना पहला 1 करोड़ रुपए का खिलाड़ी देखा, जब यू मुंबा ने ईरानी डिफेंडर फजल अत्राचली को साइन किया। इसके बाद यह मानक और भी ऊंचा होता गया है। कुछ शीर्ष खिलाड़ियों ने 2 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी पार किया है। PKL 12 में भी यही स्थिति रही, तभी तो लीग के इतिहास में पहली बार एक ही संस्करण में 10 खिलाड़ियों ने एक करोड़ रुपए का जादुई आंकड़ा पार किया। ऐसे में आइए PKL इतिहास के पांच सबसे महंगे खिलाड़ियों पर डालते हैं एक नजर..
प्रो कबड्डी लीग के सीजन 10 की नीलामी में पवन सहरावत पीकेएल के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए, जब तेलुगु टाइटन्स ने उन्हें 2.605 करोड़ रुपए में खरीदा था। इससे पहले उन्हें तमिल थलाइवाज ने सीजन-9 के लिए ऑक्शन में 2.26 करोड़ रुपए में साइन किया था। हालांकि PKL के 12वें सीजन के लिए हुई नीलामी में पवन सहरावत को तमिल थलाइवाज ने 59.5 लाख रुपए में खरीदा। प्रो कबड्डी लीग के पिछले सीजन में पवन सहरावत टाइटंस ने अपने एफबीएम (फाइनल बिड मैच) कार्ड का इस्तेमाल कर इस ऑलराउंडर को 1.725 करोड़ में अपने साथ बनाए रखा था।
पिछले साल हरियाणा स्टीलर्स को खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले ईरान के ऑलराउंडर शादलोई इस साल की नीलामी में भी सबसे ज्यादा मांग वाले खिलाड़ी रहे। हरियाणा स्टीलर्स ने पिछले सीजन उन्हें 2.07 करोड़ रुपए में साइन किया था। वहीं पुनेरी पलटन ने उन्हें सीजन 9 में 2.35 करोड़ रुपए में खरीदा। इस कदम से पुनेरी पलटन को 2023 में अपना पहला खिताब हासिल करने में मदद मिली। 2025 की नीलामी में उन्हें फिर से 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की बोली मिली, जिसमें गुजरात जायंट्स ने 2.23 करोड़ रुपए में उनकी सेवाएं हासिल कीं।
देवांक दलाल PKL 11 के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हरियाणा के 22 वर्षीय रेडर ने एक ही सीजन में 300 रेड पॉइंट हासिल करने वाले पहले रेडर बनकर सभी रिकॉर्ड तोड़े। ऐसे में यह कोई आश्चर्य की बात नहीं थी कि वह PKL 2025 ऑक्शन में सबसे अधिक मांग वाले खिलाड़ियों में से एक के रूप में उभरे। बंगाल वॉरियर्स ने उन्हें 2.205 करोड़ रुपए में खरीदा, जिससे वह इस साल की PKL 12 नीलामी में सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए।
तमिल थलाइवाज ने सीजन 11 की नीलामी में सचिन तंवर को 2.15 करोड़ रुपए में खरीदा था, जिससे वह शीर्ष पांच सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गए थे। हालांकि एक कम प्रभावशाली सीजन के बाद उन्हें पीकेएल 12 की नीलामी से पहले रिलीज कर दिया था। वहीं, PKL 12 में पुनरR पलटन ने सचिन तंवर को 1.0575 करोड़ रुपए में साइन किया है।
अनुभवी रेडर मनिंदर सिंह को बंगाल वॉरियर्स ने पीकेएल सीजन 10 की नीलामी में फाइनल बिड मैच (एफबीएम) विकल्प के माध्यम से 2.12 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। इसके बाद बंगाल वॉरियर्स ने प्रो कबड्डी लीग 2024 नीलामी (PKL 11) में अपने एफबीएम (फाइनल बिड मैच) कार्ड का इस्तेमाल कर रेडर मनिंदर सिंह को 1.15 करोड़ रुपए में वापस खरीद लिया था। हालांकि प्रो कबड्डी लीग के सीजन 12 के लिए मनिंदर सिंह को पटना पाइरेट्स ने 20 लाख रुपए के आधार मूल्य पर खरीदा है।
Published on:
06 Jun 2025 05:07 pm