15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Singapore Open 2025: सात्विक-चिराग की जीत से शुरुआत, लक्ष्य सेन चोट के कारण रिटायर

Singapore Open 2025 में बुधवार को भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने जीत से शुरुआत की और राउंड ऑफ 16 में प्रवेश किया।

2 min read
Google source verification
Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (Photo Credit: IANS)

Singapore Open 2025: सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में बुधवार को भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने जीत के साथ शानदार वापसी की, जबकि लक्ष्य सेन का अभियान काफी निराशाजनक तरीके से समाप्त हो गया।

मार्च में चिराग को पीठ की चोट के कारण ऑल-इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटना पड़ा था, जिसके बाद अपना पहला प्रतिस्पर्धी मैच खेलते हुए भारतीय जोड़ी ने शानदार लय दिखाई और सीधे गेम में जीत दर्ज की। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 जोड़ी ने पहले दौर में मलेशिया के चूंग होंग जियान और मोहम्मद हैकाल को 21-16, 21-13 से 40 मिनट से कम समय में शिकस्त दी।

यह भी पढ़ें- ENG vs WI 1st ODI Live Streaming: इंग्लैंड के बल्लेबाज मचाएंगे धमाल या वेस्टइंडीज के गेंदबाज दिखाएंगे कमाल? जानें कब-कहां देखें पहला वनडे

यह विश्व में 41वें स्थान पर काबिज मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ इस भारतीय जोड़ी की दूसरी जीत रही। विश्व में वर्तमान में 27वें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी इस पूरे मुकाबले में तेज और आत्मविश्वास से भरी नजर आई।

यह जीत कई असफलताओं के बाद आई है। इस जोड़ी ने हाल ही में संपन्न सुदीरमन कप में भी हिस्सा नहीं लिया था। एक ओर चिराग अपनी पीठ की समस्याओं से उबर रहे थे, जबकि सात्विक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। इससे पहले उन्होंने साल की शुरुआत में मलेशिया ओपन और इंडिया ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंचकर अच्छा प्रदर्शन दिखाया था।

हालांकि, सिंगल्स में भारत को निराशा हाथ लगी। शीर्ष रैंकिंग वाले पुरुष शटलर लक्ष्य सेन को पहले दौर के मैच के दौरान बीच में ही रिटायर होना पड़ा। विश्व में 17वें स्थान पर काबिज सेन ने चीनी ताइपे के लिन चुन-यी के खिलाफ मजबूत शुरुआत की और पहला गेम 21-15 से जीता, लेकिन 19वें स्थान पर काबिज लिन ने दूसरा गेम 21-17 से जीत लिया। निर्णायक गेम में सेन को पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण परेशानी हुई और वे 5-13 से पीछे रहते हुए रिटायर हो गए।

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रूतविका शिवानी गड्डे ने अमेरिकी जोड़ी चेन झी यी और फ्रांसेस्का कॉर्बेट को 35 मिनट में 21-16, 21-19 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

महिला वर्ग में आकर्षी कश्यप और उन्नति हुड्डा ने उम्मीद जगाई, लेकिन पहली बाधा पार नहीं कर सकीं। कश्यप 58 मिनट के मुकाबले में विश्व नंबर 4 हान यू से 21-17, 13-21, 7-21 से हार गईं, जबकि पहला गेम जीतने के बावजूद हुड्डा को विश्व नंबर 2 वांग झी यी से 21-13, 9-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- PBKS vs RCB Match Preview: पंजाब किंग्स पहुंचेगी फाइनल में या क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू मारेगा बाजी?

अनुपमा उपाध्याय भी 12-21, 16-21 से चीनी ताइपे की सुंग शुओ युन से हारकर बाहर हो गईं। महिला युगल जोड़ी वैष्णवी खडकेकर और आलिशा खान को ऑस्ट्रेलिया की ग्रोन्या सोमरविल और एंजेला यू के हाथों 8-21, 9-21 से करारी शिकस्त मिली।