6 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tokyo Olympics 2020: विनेश फोगाट ने कहा-क्या फिजियो के लिए डिमांड करना अपराध है?

Tokyo Olympics 2020: महिला पहलवान विनेश फोगाट टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए कोटा हासिल करने वाली पहली रेसलर थीं। विनेश ने वर्ष 2019 में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर ओलंपिक कोटा हासिल किया था।

2 min read
Google source verification
vinesh_phogat.png

Tokyo Olympics 2020: टोक्यो ओलंपिक का आगाज हो चुका है। टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीतने की प्रबल दावेदार भारत की स्टार रेसलर विनेश फोगाट अपनी मांग पूरी न होने से नाराज है। विनेश फोगाट ने भारतीय ओलंपिक संघ और पीएम मोदी को टैग करते हुए ट्विटर पर अपनी नाराजगी जाहिर की। दरअसल विनेश फोगाट ने कुछ समय पहले टोक्यो ओलंपिक जाने के लिए फिजियोथेरेपिस्ट की मांग की थी, लेकिन उनकी इस मांग को पूरा नहीं किया गया। विनेश ने खुद के साथ टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाली बाकी तीन महिला रेसलरों के लिए भी एक फिजियोथेरेपिस्ट की मांग की थी। अब टोक्यो ओलंपिक शुरू होने से एक दिन पहले गुरुवार को विनेश फोगाट ने इसे लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

लंबे समय से कर रहीं डिमांड
महिला पहलवान विनेश फोगाट टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए कोटा हासिल करने वाली पहली रेसलर थीं। विनेश ने वर्ष 2019 में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर ओलंपिक कोटा हासिल किया था। विनेश को देश के लिए मेडल लाने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हालांकि जब विनेश की मांग पर कोई ध्यान दिया गया तो उन्होंने अखबार में उनकी डिमांड को लेकर छपी खबर की फोटो पोस्ट करते हुए गुरुवार को एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि जब सिर्फ एक खिलाड़ी के साथ स्टाफ के कई लोग जा सकते हैं तो क्या चार रेसलर के लिए एक फिजियोथेरेपिस्ट की डिमांड करना गलत है? साथ ही उन्होंने लिखा कि अब आपका बैलेंस कहां है? विनेश का कहना है कि उन्होंने अचानक फिजियो की मांग नहीं की, वह लंबे समय से इसकी डिमांड कर रहे थे। वहीं फैंस ने भी इस मामले में विनेश का सपोर्ट किया है।

यह भी पढ़ें— पीएम मोदी ने विनेश फोगाट के पिता से पूछा-बेटियों को कौन सी चक्की का आटा खिलाते हो...

विनेश का दूसरा ओलंपिक
26 वर्षीय महिला रेसलर विनेश फोगाट का यह दूसरा ओलंपिक है। रियो ओलंपिक में चोटिल हो जाने के बाद वह बाहर हो गई थीं, जिसके बाद उन्होंने 2018 में वापसी की थी। कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट विजेता विनेश को टोक्यो ओलंपिक में मेडल जीतने की प्रबल दावेदार माना जा रहा है। विनेश ने इसी वर्ष लगातार तीन खिताब जीते हैं। वहीं विनेश पिछले साल कजाखस्तान में हुई विश्व चैंपियनशिप के जरिए टोक्यो का टिकट कटाने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं थी। टोक्यो ओलंपिक में विनेश का दो बार की विश्व चैंपियन मायू मुकाइडा से मुकाबला होगा। चौथे दौर में वह इस जापानी पहलवान से भिड़ सकती हैं।

यह भी पढ़ें— टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने जीता गोल्ड मेडल

विभिन्न स्पर्धाओं में जीते 13 मेडल
विनेश फोगाट ने अब तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में 13 मेडल अपने नाम किए हैं। विनेश ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य, एशियाई खेलों में एक स्वर्ण और एक कांस्य, राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण, वहीं एशियन चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। विनेश 48, 50 और 53 किग्रा भार वर्ग में भारत के लिए पदक हासिल किए हैं।