
महिला को मोबाइल बेचने के नाम पर ठगने का आरोपी जेल भेजा
श्रीगंगानगर. जवाहरनगर थाना पुलिस की ओर से भरतपुर जिले के कैथवाड़ा के गांव खेडाबास में बैठकर ओएलएक्स पर महंगे मोबाइलों को सस्ता बेचने का झांसा देकर एक महिला से बीस हजार रुपए से अधिक की राशि ठगने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद मंगलवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
जवाहरनगर थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक ने बताया कि 5 अपे्रल को जवाहरनगर निवासी वीरपाल कौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ओएलएक्स पर 9 मोबाइलों की बिक्री का विज्ञापन देखा था। ओएलएक्स मैसेजर पर विक्रेता के मोबाइल नंबर लेकर उसको फोन किया। उसने खुद को सैन्यकर्मी बताया व अपना नाम मनजीत बताया था। महिला ने उस पर विश्वास करके सौदा कर लिया। अग्रिम राशि दो हजार रुपए पेटीएम के माध्यम से भुगतान कर दिया था। शेष राशि मोबाइल को कोरियर करने का बिल भेजने के बाद ही देने के लिए कहा था। उसने मोबाइल पर कोरियर का बिल भेज दिया। शेष राशि उसने भेज दी।
लगातार आरोपी के फोन आते रहे और वह राशि डालती रही। महिला ने कुल 20 हजार 947 रुपए उसको भेज दिए। इसके बाद भी ना तो राशि मिली और ना ही मोबाइल मिल पाया। फोन पर करने पर आरोपी अपना नाम बदलता रहा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच की और एक टीम भेजकर गांव खेडाबास कैथवाड़ा भरतपुर निवासी आरोपी अशफाक पुत्र फकरुद्दीन को गिरफ्तार किया था।
इसके पास से जिसके मोबाइल से बेचे जाने वाले मोबाइल की फोटो, फोन पे विवरण, पीटीएम विवरण बरामद किए थे। आरोपी राजस्थान व उत्तरप्रदेश में ओएलएक्स के जरिए लंबे समय से लोगों से ठगी कर रहा था। पुलिस की ओर से इस संबंध में प्रदेश के सभी थानों को सूचना जारी कर दी थी। जिससे पतला लगाया जा सके कि आरोपी ने कहां-कहां ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बीकानेर, जोधपुर, पाली व नागौर पुलिस से वारदातों की थी। आरोपी पूछताछ के बाद मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
Updated on:
10 Apr 2019 12:54 am
Published on:
10 Apr 2019 12:54 am
