
बच्ची के अपहरण के प्रयास का आरोप
- लोगों ने आरोपित को पकड़ किया पुलिस के हवाले
सूरतगढ़. नगरपालिका के समीप बुधवार दोपहर एक मनचले युवक ने एक नाबालिग बच्ची के अपहरण का प्रयास किया। लेकिन इस दौरान बच्ची की मां के शोर मचाने पर लोगों ने युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित भी नाबालिग ही बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर नगरपालिका के समीप रहने वाली एक बच्ची ट्यूशन जा रही थी।
घर से बाहर निकलते ही मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों में से एक युवक ने लड़की का हाथ पकड़ कर उसको अपनी ओर खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान बच्ची की मां ने यह सब देखकर शोर मचाया। महिला के चिल्लाने पर समीप ही बैंक में खड़े लोग मौके पर पहुंचे और मनचले युवक को पकड़ कर उसकी धुनाई कर दी।
इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची पूर्व विधायक अशोक नागपाल के रिश्तेदारी में है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक अशोक नागपाल, सुखवंत चावला सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। नागरिकों ने युवक पर अपरहण के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं इस संबंध में सिटी पुलिस ने बताया कि आरोपित युवक नाबालिग होने की जानकारी मिली है।
इस संबंध में युवक के जन्म प्रमाण पत्रों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार युवक रेलवे की जिप्सम साइडिंग में मालगाड़ियों से कट्टे उतारने का काम करता है। युवक के परिवार में उसके भाई वगैरह भी अपराधिक प्रवृत्ति के बताए गए हैं। जिनके खिलाफ मामले चल रहे हैं। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। जिसके बाद पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया जा सकता है
Published on:
21 Nov 2018 04:44 pm
