
रायसिंहनगर.
राजस्थान बॉर्डर होमगाड्र्स की भर्ती में अनियमितताओं को लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों ने प्राथमिकी दर्ज करवाने की तैयारी कर ली है वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय को भी अवगत करवाया गया है। इसके अलावा कुछ अभ्यर्थी बुधवार देर शाम जोधपुर हाईकोर्ट की शरण में जाने के लिए रवाना हो गए।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि बॉर्डर होमगाड्र्स प्रशासन ने तीन दिन में जांच का बहाना बनाया है जबकि जांच प्रक्रिया के नाम अभ्यर्थियों को बनाया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि जांच के लिए तीन दिन का समय मांगकर बॉर्डर होमगाड्र्स प्रशासन गलत तरीके से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का प्रयास कर रहा है। इस आशंका के चलते कुछ अभ्यर्थी गुरुवार को जोधपुर पहुंच गए। वहीं होमगाड्र्स प्रशासन आनन-फानन में मेडिकल व पुलिस सत्यापन की औपचारिकता पूरी करवाने के प्रयास कर रहा है ताकि न्यायिक प्रकरण दायर होने से पूर्व चयनितों को नियुक्ति दी जा सके। हालांकि पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया में कुछ समय लगने के आसार हैं।
अपात्र अभ्यर्थियों सहित जिम्मेदार अधिकारियों को करेंगे नामजद
वंचित अभ्यर्थियों ने ने बताया कि गलत तरीके से चयनित हुए अभ्यर्थियों के साथ ही भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले अधिकारियों बॉर्डर होमगाड्र्स की 29वीं बटालियन के प्लाटून कमांडर तेजसिंह, सीमा गृह रक्षा दल जैसलमेर के समादेष्टा विजयसिंह भांभू, सीमा गृह रक्षा दल मुख्यालय जयपुर के उप समादेष्टा अनवर एच.खान व गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र टोंक के कंपनी कमांडर आनंद कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जा रही है।
विधायक को भी धांधली से अवगत कराया
बॉर्डर होमगाड्र्स भर्ती पर मचे बवाल के बीच मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वंचित अभ्यर्थी हर जगह अपनी फरियाद लगा रहे है। वंचित अभ्यर्थियों ने जयपुर में विधायक सोनादेवी बावरी को भी मामले से अवगत करवाया है। विधायक ने बताया कि शुक्रवार को जयपुर में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया से मिलकर भर्ती में हुए कथित फर्जीवाड़े से अवगत करवाकर भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से संपादित करवाई जाएगी। विधायक ने बताया कि फर्जीवाड़े में संलिप्त अधिकारियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग विधानसभा में की जाएगी।
पात्र युवकों को बाहर करने के साथ अपात्र लोगों को अंतिम चयन सूची में डालना बेहद गंभीर व शर्मनाक मामला है। इसम मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा। साथ ही शुक्रवार को गृहमंत्री से मिलकर भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से करवाने का प्रयास किया जाएगा।
सोनादेवी बावरी,
विधायक, रायसिंहनगर
Published on:
09 Feb 2018 08:22 am
