
बाल वाहिनी की टक्कर
सादुलशहर.
संगरिया मार्ग पर गांव बोलांवाली के निकट शनिवार दोपहर को एक बाल वाहिनी की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक सादुलशहर के समीपवर्ती गांव पतली का निवासी था। प्राप्त विवरण के अनुसार ग्राम पंचायत गद्दरखेड़ा के श्योपतराम सोलंकी का चचेरा भाई मुकेश कुमार (21) पुत्र अंग्रेज सिंह सोलंकी निवासी पतली शनिवार को अपनी बहन के पास गांव सहारणी के लिए मोटरसाइकिल पर जा रहा था कि गांव बोलांवाली के पास केआर कॉन्वेंट स्कूल की बाल वाहिनी की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीण उसे संगरिया के चिकित्सालय में लेकर जा रहे थे तो रास्ते में ही मुकेश ने दम तोड़ दिया। श्योपतराम सोलंकी ने बताया कि मुकेश होनहार विद्यार्थी था तथा उसे रविवार को होने वाली प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। युवा बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया तथा गांव पतली में शोक की लहर दौड़ गई।
घर में माता-पिता व परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध था। मृतक का शनिवार सायं गमगीन माहौल में अन्तिम संस्कार कर दिया गया।
झगड़े में तीन घायल, मामले दर्ज
श्रीगंगानगर.
लालगढ़ जाटान थाना इलाके के गांव बुधरवाली में शुक्रवार रात को दो पक्षों में हुए झगड़े के दौरान तीन जने घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मामले दर्ज कर लिए है। पुलिस ने बताया कि गांव बुधरवाली निवासी कलावती पत्नी लालचंद ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कराया है कि पड़ोसी कृष्ण, सेठी, बग्गू व पवनदीप वगैरह ने उससे व उसके जेठ को मारपीट कर घायल कर दिया। इसी प्रकार गांव बुधरवाली निवासी रामस्वरूप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रामेश्वर, लालचंद, रामू वगैरह ने उनसे मारपीट की। दोनों पक्षों के घायलों को राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Published on:
15 Jul 2018, 8:12 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.