
कॉलोनाइजर आशीष गुप्ता पर फायरिंग की तस्वीरें (फोटो: पत्रिका)
Sri Ganganagar Firing: श्रीगंगानगर शहर के बसंती चौक के पास मंगलवार सुबह एक कॉलोनाइजर पर दो शूटरों ने छह से सात राउंड की फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। हमले में वह बाल बाल बच गया, एक गोली उसके पांव में लगी। घायल कॉलोनाइजर को तत्काल निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया। वारदात सुबह दस बजकर सात मिनट पर हरदीप सिंह कॉलोनी के पास जिम के बाहर हुई। गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के भाई अनमोल बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर इस वारदात की जिम्मेदारी ली है।
पहली मंजिल पर बने जिम की सीढ़ियों से कॉलोनाइजर आशीष गुप्ता नीचे उतरा तो सामने घात लगाकर बैठे दो व्यक्तियों में से एक शूटर ने उस पर फायरिंग कर दी। शूटर ने ऑटोमैटिक पिस्तौल से छह से सात राउंड फायर किए। फायरिंग होते ही गुप्ता वापस सीढ़ियों से ऊपर जिम की ओर भागे। एक गोली जिम से सटी मेडिकल की दुकान में लगे शीशे को चीरती हुई निकली तो दूसरी कॉलोनाइजर की टांग पर आकर लगी। पीछे से तीसरा और चौथा फायर की गोली जिम के सामने एक ढाबे और एक जिम की बिल्डिंग के नीचे लगी। फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। वहीं शूटर अपने साथी के साथ सड़क पार खड़ी बाइक पर भाग निकला।
सूचना मिलते ही इस कारोबारी से जुड़े लोग मोके पर एकत्र हो गए। वहीं पुलिस अधीक्षक गौरव यादव, एडिशनल एसपी रघ़ुवीर प्रसाद शर्मा, सीओ सिटी बी आदित्य के अलावा कोतवाली, सदर, पुरानी आबादी थाना प्रभारी और जिला विशेष टीम के अफसर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। कोतवाली पुलिस ने घायल गुप्ता के पर्चा बयान पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। इलाज करने वाले डा. सुभाष राजोतिया ने बताया कि गुप्ता के पांव में एक गोली लगी है। ऑपरेशन से गोली का टुकड़ा निकाला है।
बिश्नोई गैंग ने गत 28 मई अग्रसेन नगर चौक के पास प्रोपर्टी डीलर के घर पर दो फायर करवाए थे। फायर करने से पहले गैंग ने फिरौती का लैटर और दो कारतूस भिजवाए थे। गैँगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई की गैंग ने इस प्रोपर्टी डीलर से दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वायरल की पोस्ट में बताया है कि कारोबारी आशीष गुप्ता ने लोगों को प्रताड़ित कर उनकी जमीन हड़पने का काम किया है। उनके शूटर ने यह हमला सिर्फ उसे चेतावनी देने के लिए किया है न कि मारने के लिए। पोस्ट में लिखा है कि 'गुप्ता ने लोगों की हड़पी जमीन को वापिस नहीं दी तो गंभीर परिणाम भी भुगतने होंगे और अब गोलियां सीने में लगेगी।'
पुलिस को पंजाब के गुमजाल गांव के पास सूनी जगह में एक बाइक मिली है। बाइक पर राजस्थान का नंबर है। जांच में यह सेतिया कॉलोनी की एक शख्स की बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह बाइक वही थी जिससे शूटर फायरिंग के बाद साथी के साथ फरार हुआ। संभावना है कि बाइक छोड़कर शूटर चौपहिया वाहन से फरार हुए।
चांडक ने पत्रिका को बताया कि उन्हें भी बीस दिन पहले एक गैंग ने रंगदारी की धमकी दी थी। यह बात पुलिस अधीक्षक को बताई थी। पुलिस टीम ने संबंधित लोगों के यहां दबिश भी दी लेकिन वे मिले नहीं। चांडक का कहना था कि शहर में गुंडागर्दी सरेआम बढ़ गई है। कई व्यापारियों को रंगदारी की रकम वसूली के लिए कॉल आ चुकी है। सुखाड़ियानगर निवासी आशीष गुप्ता इलाके के समाजसेवी और कारोबारी अशोक चांडक का पार्टनर है। दो साल पहले इनकम टैक्स ने चांडक और गुप्ता के ठिकानों पर दबिश दी थी, इसमें अघोषित संपति का खुलासा भी हुआ था।
फायरिंग के मामले मेें पुलिस ने रात तक कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने देर रात पत्रिका को बातचीत में बताया कि घटना स्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिला है। इस संबंध में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उम्मीद है जल्द इस मामले का खुलासा करेंगे।
एसपी- घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पिछले बीस दिनों में लगातार बदमाशों को पकड़कर हथियार पकड़े हैं। पुलिस हर सूरत में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने देगी। नियमित रूप से अपराधियों की धरपकड़ करने का काम चल रहा है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
एसपी- अनमोल बिश्नेाई गैंग ने एक पोस्ट वायरल की, जिसमें घटना की जिमेवारी ली, लेकिन शाम को रोहित गोदारा गैँग ने पोस्ट कर यह घटना खुद कारित होने की बात कही है। पुलिस समीक्षा कर कड़ा जवाब देगी।
एसपी: हरियाणा की गैंग ने यहां आकर रैकी की थी, इस मामले में जांच चल रही है। पिछले माह प्रोपर्टी डीलर के घर पर फायरिंग करने वाले दस आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा भी है।
Updated on:
18 Jun 2025, 11:48 AM IST
Published on:
18 Jun 2025, 11:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.