
SriGanganagar आयुक्त यादव का तबादला, फिर खाली रही नगर परिषद की कुर्सी
SriGanganagar श्रीगंगानगर। राज्य सरकार ने आरएएस अफसरों की सूची जारी की है। 239 आरएएस अधिकारियों की इस स्थानान्तरण सूची में यूआईटी सचिव मुकेश बारेठ को लगाया है। बारेठ जिला परिषद के एसीईओ थे। राजनीतिक का अखाड़ा बन चुकी नगर परिषद की मुश्किलें कम नहीं हो रही। पिछले साल मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत आग्रह करने के बाद इलाके के जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद आयुक्त पर आरएएस अधिकारी सचिन यादव को लगाया था।
लेकिन यादव भी वह चमत्कार नहीं कर पाए जितनी शहर को उम्मीदें थी। ऐसे में वे बैकफुट पर आ गए। यहां तक कि नगर परिषद में दिनभर बैठने की बजाय सिर्फ शाम के समय साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक जनसुनवाई करने लगे। अपेक्षाओं पर खरें नहीं उतरने पर सरकार ने आयुक्त यादव को यहां से रवानगी दे दी। आरएएस अफसरों की इस तबादला सूची में आयुक्त के पद पर किसी को नहीं लगाया है। वहीं न्यास सचिव हरितिमा को एडीएम प्रशासन लगाया है।
वकीलो के मामले में सुर्खियों में आए एडीएम प्रशासन भवानी सिंह पंवार को श्रीगंगानगर में ही शुगर मिल का महाप्रबंधक पर लगा दिया है। इधर, नगर परिषद आयुक्त सचिव यादव की छुट्टी कर अलवर के बहरोड़ में एसडीएम पद पर भेजा है। वहीं मनोज कुमार मीणा जोधपुर के लोहावट एसडीएम से यहां एसडीएम श्रीगंगानगर का कार्यभार संभालेंगे।
मीणा पहले सूरतगढ़ में रह चुके है। डा.नरेन्द्र कुमार थोरी को जिला आबकारी अधिकारी श्रीगगानगर होंगे। थोरी फिलहाल बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय बीकानेर के रजिस्ट्रार के पद पर हैं। जिला परिषद के सीईओ रहे चुके और एपीओ चल रहे अशोक कुमार मीणा की वापसी हो गई है। मीणा को यहां राजस्व अपील अधिकारी के पद पर लगाया है। उपखंड अधिकारी श्रीगंगानगर उम्मेद सिंह रतनू का तबादला बाड़मेर कर वहां एडीएम के पद पर भेजा गया है।
एपीओ चल रही आरएएस रीना को यहां महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक के पद पर लगाया है। श्रीविजयनगर एसडीएम प्रियंका बिश्नोई को चूरू के लोक सेवाएं में सहायक निदेशक के पद पर लगाया है। वहीं सादुलशहर एसडीएम दयानंद रुपल का तबादला कर सीकर के फतेहपुर एसडीएम लगाया है।
उधर, बाड़मेर के राजस्व अपील अधिकारी अरविन्द कुमार जाखड़ को एडीएम सूरतगढ़ पद पर लगाया है। जिला आबकारी अधिकारी श्रीगंगानगर प्रतिष्ठा पिलानियां को बाडमेर में राजस्व अपील अधिकारी के पद पर भेजा है।
कलक्ट्रेट में जिला प्रशासन में अब तीन महिलाओ के हाथ में कमान रहेगी। जिला कलक्टर रुकमणि रियार सिहाग, एडीएम सतर्कता कमला अलारिया के बाद अब एडीएम प्रशासन डा. हरिमिता को नियुक्ति की गई है।
Published on:
26 Apr 2022 10:03 am
