
श्रीझांकी वाले बालाजी मन्दिर का पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव,निकलेगी धर्म ध्वजा पद यात्रा
-मन्दिर का पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव गुरुवार सुबह 11.15 बजे स्वामी ब्रह्मदेव के सान्निध्य में शुरू होगा
श्रीगंगानगर. पुरानी आबादी के उदाराम चौक स्थित सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी मन्दिर का पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव गुरुवार सुबह 11.15 बजे स्वामी ब्रह्मदेव के सान्निध्य में शुरू होगा। इससे पूर्व सुबह 8.30 बजे अग्रसेन नगर चौक से धर्म ध्वजा पद यात्रा मन्दिर के लिए रवाना होगी। यात्रा के स्वागत के लिए रास्ते में तीन दर्जन से अधिक स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जगह-जगह लाल झंडियों से सजावट की गई है।
मन्दिर के प्रमुख सेवादार प्रेम अग्रवाल ने बताया कि पांच दिन अखण्ड राम नाम संकीर्तन चलेगा। इस दौरान मंदिर के पास बालाजी बगीची में भण्डारा भी रहेगा। व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई है, नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। वार्षिकोत्सव के चलते आरडी बर्मन फैन्स क्लब संस्था ने भजन की सीडी तैयार की है।
इसका विमोचन मंगलवार रात को राणाप्रताप कॉलोनी में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, फैन्स क्लब के अध्यक्ष श्यामसुन्दर गोस्वामी, संयोजक आशीष अरोड़ा, मनोज आर्य एवं शैलेन्द्र सिंह चौहान, राजेंद्र छाबड़ा ने किया। आर्य ने भजन लिखा है एवं खुद ही संगीत देते हुए गाया भी है।
Published on:
13 Feb 2019 11:44 pm
