
यातायात नियमों का पूर्णतया पालन करने वाले को मिलेंगे बेस्ट राइडर के बैज
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह का एसपी व अधिकारियों ने किया शुभारंभ
श्रीगंगानगर. तीसवें राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह का सोमवार को महाराजा गंगासिंह चौक पर चेतना रैली को रवाना कर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से किया गया। इस दौरान बेस्ट राइडर बैज का भी विमोचन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हेमंत शर्मा ने बताया कि यातायात नियमों की पूर्णतया पालना करने वालों को बेस्ट राइडर का वैज दिया जाएगा। लोगों को सडक़ पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए। जिससे खुद भी सुरक्षित रहे और दूसरों की सुरक्षा भी हो सके।
सडक़ सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक हेमंत शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर नख्तदान बारहठ ने चेतना रैली को झंडी दिखाकर किया। रैली में स्काउट गाइड, एनसीसी, विभिन्न विद्यालयों के बच्चे सडक़ सुरक्षा से संबंधित तख्तियां हाथों में लेकर चल रहे थे। इनसे आगे पुलिस की महिला शक्ति दल की बाइकें चल रही थी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोगों को यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए। जो भी वाहन चालक यातायात नियमों की पूर्णतया पालना करेगा, उसको बेस्ट राइडर का बैज दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बेस्ट राइडर बैज का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी सुमन डेलू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, प्रशिक्षु आईपीएस हितिका वासल, सीओ सिटी रोशन कुमार पटेल, यातायात प्रभारी आनंद कुमार, पुरानी आबादी थाना प्रभारी कुलदीप वालिया, कोतवाली थाना प्रभारी हनुमानाराम, सदर थाना प्रभारी राजेश सिहाग, परिवहन निरीक्षक मनीष चुघ, नागरिक सुरक्षा के निर्मल जैन सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Updated on:
04 Feb 2019 06:37 pm
Published on:
04 Feb 2019 06:37 pm
