
शहर के मुद्दों पर किया विचार, मतदान का लिया संकल्प
-‘मेरा वोट मेरा संकल्प’ कार्यक्रम के तहत जनएजेंडा बैठक
श्रीगंगानगर.
‘मेरा वोट मेरा संकल्प’ कार्यक्रम के तहत रविवार को ऋद्धि-सिद्धि एनक्लेव के द्वितीय फेज में स्थित डॉ.राधाकृष्णन छात्रावास में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने शहर के प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया वहीं मतदान अवश्य करने तथा अच्छे उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का संकल्प लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी चुनाव के समय जरूरी है कि हम उम्मीदवारों को परखें। उनके आमजन से जुड़ाव तथा जनभागीदारी का आकलन करें तथा हमारे इलाके की समस्याओं के निराकरण करने के लिए उनके प्रयासों का जयाजा लें। इसके बाद ही किसी व्यक्ति को अपने इलाके में जनप्रतिनिधि के रूप में चुना जाना चाहिए।
फेक न्यूज के प्रसार में नहीं बने सहयोगी
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान तकनीक का दौर है। ऐसे में संचार माध्यमों से फेक न्यूज का प्रसार भी आसानी से हो जाता है तथा आमजन ही फेक न्यूज के प्रचार में कई बार भागीदारी भी निभा देता है। ऐसे में किसी भी समाचार को जानने से पहले उसके स्रोतों का पता करें यदि स्रोत पुख्ता हैं तो उस पर विश्वास किया जा सकता है। यदि किसी समाचार को स्रोत अंजान है अथवा उस पर सहज विश्वास नहीं किया जा सकता तो ऐसे समाचारों के प्रसार में सहयोगी नहीं बनें।
सीवरेज समस्या का हो निराकरण
छात्राओं ने इलाके की बड़ी समस्याएं गिनाते हुए क्षेत्र में सीवरेज कार्य के दौरान बने गड्ढों के कारण लोगों को हो रही परेशानी को बड़ा मुद्दा बताया तथा कहा कि ऐसी समस्याओं का निराकरण होना चाहिए। इसके साथ ही इलाके में मेडिकल कॉलेज, किन्नू की प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने आदि के बारे भी छात्राओं ने बताते हुए कहा कि इन समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता मानते हुए इलाके के लिए जनप्रतिनिधि चुना जाना चाहिए।
Published on:
18 Nov 2018 04:38 pm
