
विकेट लेने के बाद खुशी मनाते मानव सुथार। फोटो- पत्रिका
श्रीगंगानगर। जिले के उभरते क्रिकेट सितारे मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत यादगार अंदाज में करते हुए पहले ही मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में मानव ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वे लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की क्षमता रखते हैं।
यह वीडियो भी देखें
मैच के दूसरे दिन मानव सुथार की फिरकी का जादू देखने को मिला। इस युवा स्पिनर ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। दिन का खेल समाप्त होने तक अफगान टीम के पांच बल्लेबाज आउट हो चुके थे, जिनमें मानव का अहम योगदान रहा। मानव ने 15.5 ओवर में मात्र 21 रन खर्च कर तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए।
उनकी कसी हुई गेंदबाजी के सामने अफगानी बल्लेबाज खुलकर रन बनाने में सफल नहीं हो सके और कई बार उनकी स्पिन को समझने में भी चूक गए। गेंदबाजी से पहले मानव ने बल्लेबाजी में भी अपनी उपयोगिता साबित की। भारतीय टीम के लिए निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने संयम और धैर्य का परिचय दिया तथा महत्वपूर्ण 28 रन की जुझारू पारी खेली। मानव ने 41 गेंदों का सामना करते हुए दो आकर्षक चौके और दो शानदार छक्के लगाए।
मानव सुथार के इस शानदार प्रदर्शन से उनके गृह जिले श्रीगंगानगर में खुशी और उत्साह का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों, खेल प्रशंसकों और उनके शुभचिंतकों ने मानव की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। शहर की गली-मोहल्लों से लेकर खेल मैदानों तक हर जगह उनके प्रदर्शन की चर्चा हो रही है। टीवी पर लाइव मैच देखने वाले लोगों का मानना है कि मानव सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में जिस आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट में उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित हो सकता है।
मानव सुथार के शानदार प्रदर्शन का असर कॉमेंट्री बॉक्स में भी देखने को मिला। लाइव प्रसारण के दौरान कॉमेंटेटरों ने युवा स्पिनर की जमकर सराहना की और श्रीगंगानगर की कठिन जलवायु का विशेष उल्लेख किया। कॉमेंटेटरों ने कहा कि श्रीगंगानगर में, जहां गर्मियों के दौरान तापमान अक्सर 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाता है, वहां से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना आसान नहीं होता। कॉमेंट्री के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि मानव सुथार ने कठोर परिस्थितियों में अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखारा है और उसी मेहनत का परिणाम आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
मानव सुथार के शानदार पदार्पण प्रदर्शन ने केवल क्रिकेट प्रेमियों को ही नहीं, बल्कि उनके कोच और परिवार को भी भावुक कर दिया। श्रीगंगानगर की क्रिकेट एकेडमी में वर्षों तक अभ्यास कर क्रिकेट की ऊंचाइयों तक पहुंचे मानव सुथार के पूर्व कोच धीरज शर्मा विशेष रूप से न्यू चंडीगढ़ पहुंचकर अपने शिष्य का मैच देखने पहुंचे।
मैदान पर मानव को भारतीय टेस्ट टीम की जर्सी में खेलते और अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को अपनी स्पिन गेंदबाजी से परेशान करते देख कोच शर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपने शिष्य का यह ऑलराउंड प्रदर्शन देखकर कोच धीरज शर्मा गदगद नजर आए। इस यादगार मुकाबले के दौरान मानव के पिता जगदीश सुथार और माता सुशीला देवी भी स्टेडियम में मौजूद रहे और अपने बेटे के करियर के सबसे महत्वपूर्ण पलों के प्रत्यक्ष साक्षी बने।
Published on:
07 Jun 2026 07:50 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
