
श्रीगंगानगर...‘मतदान के प्रति जन जागृति जरूरी, सब रहें सजग’
‘मतदान के प्रति जन जागृति जरूरी, सब रहें सजग’
श्रीगंगानगर के महाराजा अग्रसेन विद्या मन्दिर में कार्यक्रम
श्रीगंगानगर. मेरा वोट मेरा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को जवाहर नगर स्थित महाराजा अग्रसेन विद्या मन्दिर में कार्यक्रम हुआ। मतदान का महत्व बताते हुए अच्छा प्रत्याशी जितवाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मतदान के प्रति जन जागृति जरूरी है, सबको सजग रहना चाहिए। विद्यार्थी मतदान का महत्व सभी को बताएं और इसके सदुपयोग को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
अपेक्षा जताई गई कि जिनको मताधिकार मिला हुआ है, वे 7 दिसम्बर को वोट डालने जाएंगे और सभी विद्यार्थी अपने परिजनों-परिचितों से लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति डलवाएंगे। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा गया कि इनको पूरा करने में सक्षम प्रतिनिधि विधानसभा में भेेजा जाए। प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने सभी को इस बारे में संकल्प करवाया। प्राचार्य अनामिका दाधीच एवं जूडो कोच मालचंद योगी ने मतदान के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करने की सीख दी।
फेक न्यूज पर न दें ध्यान
फेक न्यूज पर ध्यान नहीं देने की सलाह वक्ताओं ने दी। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में एक-एक वोट प्राप्त करने के लिए कई प्रत्याशी जी तोड़ प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सावधानी रखी जाए कि कोई किसी के बारे में झूठी बात ना फैलाए और ना कोई झूठी वाहवाही बटोर पाए। इस तरह की कोई बात सामने आए तो उसकी पुष्टि जरूर की जाए।
Published on:
30 Nov 2018 10:18 pm
