
weather
श्रीगंगानगर.
जिला मुख्यालय पर सोमवार को भीषण गर्मी ने तौबा-तौबा करवा दी। ऐसे लग रहा था जैसे सूरज आग उगल रहा है। दिनभर लू के थपेड़ों ने आमजन को झुलसा दिया। मौसम विज्ञान केन्द्र ने सोमवार को अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जो इस मौसम का सर्वाधिक है।
घरों से निकले लोग सिर पर साफा, टोपी आदि रखकर बचाव करते दिखे वहीं बाजारों में दोपहर में ग्राहकी ठप रही। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़क किनारे लगे शीतल पेय के स्टॉलों पर लोगों ने गर्मी से राहत पाई। सुबह दिन की शुरुआत सुहाने मौसम के साथ हुई लेकिन धूप निकलने के साथ ही सूरज आंखें दिखाने लगा। दोपहर होते-होते बदन झुलसा देने वाली गर्मी से मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसर गया। यह स्थिति शाम को छह बजे तक रही।
अभी राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखें तो अगले चौबीस घंटे तक गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में लू चलने और तेज गर्मी पडऩे की आशंका जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी एमएल रिणवां बताते हैं कि गर्मी से अगले चौबीस घंटे में राहत की उम्मीद नहीं है।
श्रीगंगानगर रेड कोड में
मौसम विभाग के अनुसार अधिकमत तापमान के 47.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद श्रीगंगानगर को लाल कोड यानी रेड कोड में डाल दिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी रिणवां के अनुसार श्रीगंगानगर अभी रेड कोड में है। इसका मतलब है कि अब प्रशासन को गर्मी से राहत के लिए जरूरी कदम उठाने होंगे।
यह रहा पिछले पांच दिन का तापमान
तिथि तापमान
24 मई- 45.2
25 मई -46.5
26 मई- 46.6
27 मई- 44.5
28 मई- 47.1
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
Published on:
28 May 2018 06:59 pm
