
श्रीगंगानगर.
जॉर्डन हत्याकांड में लारेंस गैंग से जुड़े बदमाशों को यहां शरण देने वालों को भी तलाश कर रही है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गैंगस्टरों की सोशल साइट्स को हैंडल करने वालों पर कार्रवाई होगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जॉर्डन हत्याकांड को अंजाम देने से पहले गैंगस्टरों को जिले में शरण देने वाले व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पंजाब में हथियारों के साथ पकड़े गए अभिषेक के श्रीगंगानगर में वारदात से पहले कई दिन रुकने की बात सामने आई है। इसके अलावा उसके अन्य साथियों के भी यहां
रुके होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस जल्द ही पंजाब से इनको पूछताछ के लिए लेकर आएगी। इनके यहां ठहरने के ठिकानों व इनको मदद करने वालों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद गैंगस्टरों को यहां शरण देने वाले व उनकी मदद करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की साइबर टीमें यह भी पता लगा रही हैं कि गैंगस्टरों के नाम से फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया पर गु्रपों को कौन चला रहा है और कौन इनको सिम, मोबाइल, डाटा कार्ड आदि उपलब्ध करवा रहा है। इसके अलावा इनसे जुड़े युवकों की भी सूची तैयार की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि श्रीगंगानगर शहर व जिले में अन्य स्थानों पर गैंग के सदस्यों को ठहराने वाले कौन लोग हैं।
गैंगस्टरों को शरण देने वालों का भी पता लगाया जा रहा है। गैंगस्टरों व उनसे जुड़े बदमाशों को यहां शरण देने वालों तथा उनकी एफबी व सोशल मीडिया को हैंडल करने वालों की भी तलाश की जा रही है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बदमाशों की तलाश में टीमें पंजाब, हरियाणा व अन्य जिलों में संभावित ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई कर रही है।
-हरेन्द्र कुमार महावर, पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर।
Published on:
27 May 2018 09:09 pm
